अग्नि तपस्या करने वाले संत श्रद्धालुओं के साथ। (फलावदा)
फलावदा। गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के लिए कस्बे के काले सिंह मंदिर परिसर में गुरु गोरखनाथ जाहरवीर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित 11 दिवसीय अलौकिक धार्मिक अनुष्ठान के नौवें दिन मंगलवार को महंत गुरु विक्रम भगत की अत्यंत कठिन अग्नि तपस्या जारी रही।
महंत गुरु विक्रम भगत ने गो माता को फूलमाला पहनाकर व तिलक लगाकर लगाकर विधिविधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में आयोजित हवन में आहुति प्रदान की गई। महंत गुरु ने बताया कि 11 जून को प्रदेश के कई जनपदों से कार्यक्रम में गुरु गोरखनाथ ट्रस्ट के महंत पहुंचेंगे। इस दौरान हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने महंत को माला पहनाई व पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। इसके उपरांत महंत पूर्ण निष्ठा के साथ अग्नि तपस्या में लीन हो गए।
कार्यक्रम स्थल पर महंत चारों तरफ जल रही अग्नि के बीच बैठकर भीषण गर्मी में तपस्या कर रहे हैं। हिंदू जागरण मंच के प्रदेश महामंत्री आदेश चौधरी, जिलाध्यक्ष सचिन गुप्ता, नगर अध्यक्ष विशाल सैनी, उपाध्यक्ष आयुष सैनी, अभिषेक, अनुराग, दिव्यांश, प्रियांशु, मानसिंह सैनी, देवदूत सैनी आदि उपस्थित रहे।