टीपीनगर थाने के पास स्थित चिल्ड्रन केयर सेंटर में भर्ती तीन साल की बच्ची की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इस पर परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। काउंटर में तोड़फोड़ की गई। मौके पर पुलिस पहुंची तो महिलाएं उनसे उलझ गईं। काफी प्रयास के बाद मामला शांत हुआ।
रेलवे रोड के मोहल्ला वैरीपुरा निवासी जितेंद्र ने बताया कि सोमवार को उनकी तीन माह की बेटी भूमिका को उल्टी की शिकायत हुई थी। उन्होंने उसे बागपत रोड स्थित जीसी खोखर के चिल्ड्रन केयर सेंटर में भर्ती कराया था। मंगलवार सुबह आठ बजे तक डॉक्टर दिलासा देते रहे कि उनकी बेटी ठीक है, लेकिन उन्हें उनकी बेटी से मिलने नहीं दिया गया। शाम तक भी डॉक्टरों ने परिजनों को बेटी से नहीं मिलने दिया तो परिजन जबरन अंदर पहुंच गए। परिजनों ने देखा उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। उनके दर्जनों रिश्तेदार भी वहां पहुंच गए। इस दौरान अस्पताल का स्टाफ भी वहां से गायब हो गया।
सूचना पर टीपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों को शांत करने का प्रयास किया तो महिलाओं की पुलिस से नोकझोंक हो गई। इसी बीच किसी ने अस्पताल के काउंटर में भी तोड़फोड़ कर दी। इस पर पुलिस ने हंगामा करने वालों को कैमरे में कैद करना शुरू कर दिया। पुलिस ने उनकी वीडियोग्राफी कराई। बाद में डॉक्टर ने अपना पक्ष रखा। एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। बाद में पुलिस के समझाने पर मामला शांत हुआ। परिजन बच्चे का शव अस्पताल से लेकर चले गए। एसओ टीपी नगर हंसराज भदौरिया ने बताया कि बच्ची की मौत पर परिजनों ने हंगामा किया था। तोड़फोड़ नहीं हुई है। किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।
कानून हाथ में मत लो, हम तुम्हारे साथ हैं
मेरठ। हंगामा कर रहे परिजनों को रोकने के लिए पुलिस ने हरसंभव प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने तोड़फोड़ और हंगामा होने पर लोगों को रोका। उन्हें समझाया गया कि कानून हाथ में मत लो। हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ है। तहरीर दोगे तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।