हिंदू संगठनों के लोगों का विरोध करते युवती पक्ष के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के प्रभात नगर में बुधवार शाम रिटायर डीएसपी के किरायेदार के घर दूसरे समुदाय से आई बारात को लेकर बखेड़ा हो गया। हिंदू संगठनों ने यह शादी न होने देने का एलान करते हुए टेंट उखाड़ दिया। बारातियों को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। भगदड़ मचने पर दूल्हा बारात लेकर भाग गया, जबकि दुल्हन भी मौके से गायब हो गई। थाने पर भी जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली।
सीओ सिविल लाइन रितेश कुमार के मुताबिक दो माह से रजबन बाजार से एक परिवार प्रभात नगर में एक रिटायर सीओ के मकान में किराये पर रह रहा है। बुधवार को किरायेदार की बेटी की बारात रजबन बाजार से दूसरे समुदाय का युवक लेकर आया था। दूल्हा दूसरे समुदाय का होने की सूचना पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित शर्मा, महामंत्री सुमित बंसल, बजरंग दल के प्रांत संयोजक बलराज डूंगर, शिवसेना और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।
कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए टेंट उखाड़ दिया। बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। इससे वहां भगदड़ मच गई। जानकारी पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद हिंदू संगठनों के लोगों ने थाने पर भी हंगामा काटा।