मेरठ। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवती के साथ यौन शोषण का मामला संज्ञान में आया है। लालकुर्ती थाने पहुंची युवती ने युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। लालकुर्ती पुलिस का कहना है कि यौन शोषण की घटना दिल्ली में हुई थी, इसलिए युवती को दिल्ली में शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा गया है। यहां युवक ने उसके साथ मारपीट की है, इसलिए शांतिभंग में युवक का चालान किया गया है।
विज्ञापन
मूलरुप से बिहार और वर्तमान में दिल्ली की रहने वाली युवती की दोस्ती इंस्टाग्राम पर दबथुआ में रहने वाले आसिफ के साथ हुई थी। शादी का झांसा देकर धर्म छिपाकर आसिफ युवती से मिलता रहा। दिल्ली के होटल में कई बार यौन शोषण भी किया। युवती का कई बार दिल्ली के सरकारी अस्पताल में गर्भपात भी कराया। दिल्ली से कैब में बैठकर युवती आसिफ से मिलने के लिए बेगमबाग के पास एक फैक्टरी में शुक्रवार को आई। दोनों के बीच मारपीट और कहासुनी हो गई। लालकुर्ती पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया। अखिल भारतीय हिन्दू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने आरोपी आसिफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीओ कैंट नवीना शुक्ला का कहना है कि युवती ने दिल्ली में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है। मारपीट के मामले में केवल आसिफ का शांति भंग में चालान किया गया है।