मेरठ। बेखौफ बदमाश शास्त्रीनगर में लूट व डकैती की वारदात कर रहे है और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। सोमवार को दिनदहाड़े क्षेत्र में तीन अलग-अलग जगहों पर बदमाशों ने तीन महिलाओं से लूट की। बदमाशों ने भाजपा सांसद के घर के पास भी वारदात की है।
मेडिकल क्षेत्र के चाणक्यपुरी रोड पर सोमवार दोपहर व्यापारी अतुल कुमार शर्मा की पत्नी दिव्या शर्मा से लूट कर ली। दिव्या स्कूटी पर अपनी बेटी के साथ शास्त्रीनगर सेक्टर-3 से अंसल कॉलोनी स्थित अपने घर लौट रही थीं। चाणक्यपुरी रोड पर भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल के घर से महज 500 मीटर दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने दिव्या से बैग छीन लिया। दिव्या ने बताया कि बैग में मोबाइल और नगदी थी। सूचना पर इंस्पेक्टर मेडिकल प्रमोद गौतम मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दिव्या की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
इस घटना की अभी रिपोर्ट ही दर्ज हुई थी कि आधा घंटे बाद सेंट्रल मार्केट से एनजीओ संचालिका मोनिका शर्मा का का पर्स छीन लिया। मोनिका स्कूटी पर नई सड़क से शास्त्रीनगर सेक्टर एक स्थित अपने घर जा रही थीं। इसके बाद बदमाशों ने गढ़ रोड स्थित भाग्यश्री नर्सिंग होक के पास लल्लापुरा टीपीनगर निवासी सुनीता का मोबाइल छीन लिया। सुनीता अपने पति हरेंद्र के साथ मेडिकल कॉलेज में भर्ती एक रिश्तेदार से मिलकर घर लौट रहीं थीं। तीनों घटना में पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुटी है।