पुलिस चौकी के पास सरेआम युवक से लूटपाट
मेरठ। पुलिस चौकी के पास रामताल वाटिका के सामने शुक्रवार तड़के मार्निंग वाक के दौरान बदमाशों ने एक युवक से लूटपाट की। युवक के शोर मचाने पर कुछ लोगों ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वह गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस मामले की जानकारी लगने पर एएसपी कैंट और थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। जांच के बाद पुलिस ने पीड़ित युवक से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह वारदात सुबह 6:30 बजे हुई है। रेलवे रोड थाना क्षेत्र के आनंदपुरी निवासी सौहार्द जैन गुरुग्राम की एक कंपनी में जॉब करते हैं। शुक्रवार सुबह वह मॉर्निंग वॉक के लिए रामताल वाटिका के पास गए थे। वहां पर पुलिस चौकी भी है। इसी दौरान बाइक पर दो बदमाश आए और युवक के गले से चेन छीन ली।
युवक ने बदमाशों से भिड़ने का प्रयास भी किया और कुछ अन्य लोगों ने भी पकड़ने की कोशिश की, लेकिन धमकी देकर वहां से भाग गए। सूचना मिलने पर आधे घंटे बाद एसओ रेलवे रोड इंद्रपाल सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने छानबीन की और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। फुटेज में एक बाइक पर दो बदमाश भागते दिखाई दिए हैं। दोनों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, पुलिस केस दर्ज करने में आनाकानी कर रही है। पुलिस दावा कर रही थी कि युवक रिपोर्ट दर्ज कराने से मना कर रहा है। इसे लेकर काफी समय तक गहमागहमी चलती रही। बाद में एएसपी कैंट सूरज राय ने रेलवे रोड पर युवक को बुलाकर केस दर्ज कराया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी का कहना है कि लूट का केस दर्ज किया गया है। बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम लगी है। जल्द ही बदमाशों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।