हाईकमान कई बार बागपत के चुनाव को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं से फीड बैक ले चुका है। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह और कांग्रेस नेताओं के बीच सियासी तालमेल के अलावा राजनीतिक ताल्लुक रहे हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह लंबे समय तक कांग्रेस में रहे। खुद चौधरी अजित सिंह पिछली कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे। उत्तर प्रदेश में बसपा, सपा और रालोद के गठबंधन का एलान हो चुका है। तीनों राजनीतिक दलों की सीटों का फैसला हो चुका है।
सियासी गलियारों में नई चर्चा यह है कि गठबंधन ने जिस तरह अमेठी और रायबरेली की सीट कांग्रेस के लिए छोड़ दी, सूत्रों के अनुसार उसी तर्ज पर कांग्रेस भी यूपी में दो सीट गठबंधन के लिए छोड़ने पर विचार कर रही है। इनमें एक सीट बागपत भी हो सकती है। इसकी वजह यह है कि बागपत रालोद का गढ़ है और चौधरी अजित सिंह के कांग्रेस से नजदीकी ताल्लुकात रहे हैं।
कांग्रेस के लिए एक चर्चा यह भी
बागपत। भाजपा और गठबंधन के बीच बागपत में सीधा मुकाबला माना जा रहा है। कांग्रेस के अगले कदम पर सबकी निगाह टिकी है। कई मुस्लिम उम्मीदवार टिकट पर दावेदारी कर रहे हैं, लेकिन सियासी चर्चा यह भी है कि कांग्रेस मुस्लिम उम्मीदवार के बजाए बागपत लोकसभा सीट से ब्राह्मण, त्यागी या गुर्जर उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी।
सपा ने रालोद से गठबंधन पर जताई खुशी
लखनऊ में गठबंधन में सीटों के एलान के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। सपा ने कहा कि बसपा, बसपा और रालोद मिलकर भाजपा को हराने का काम करेंगे। सपा नेता शोकेंद्र तोमर ने कहा कि सपा और रालोद ने मजबूत गठबंधन किया है। भाजपा को हराने के लिए यह जरूरी था। बागपत लोकसभा सीट से रालोद के लिए सपा नेता ताकत झोंकने का काम करेंगे।
‘भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू’
प्रियंका गांधी वाड्रा के सक्रिय राजनीति में आने के बाद से मोदी और योगी सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। यह बात कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिमी यूपी प्रभारी राणा गोस्वामी ने बुढ़ाना गेट स्थित पार्टी कार्यालय पर प्रेस से बात करते हुए कही।
राणा गोस्वामी ने कहा कि मोदी सरकार सेना का राजनीतिकरण करके सेना का मनोबल तोड़ रही है। जनता इसका जवाब चुनाव में देगी। मेरठ-हापुड़ लोकसभा प्रभारी इंद्र मोहन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लोकसभा चुनाव के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। दोनों नेताओं ने चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों से बंद कमरे में वार्ता की।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/