उधर, कांग्रेस के बड़े नेताओं के मेरठ पहुंचने की सूचना पर पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। सुरक्षा के लिहाज से आनंद अस्पताल के बाहर कई थानों की पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।
इसके बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि योगी सरकार चंद्रशेखर की आवाज कुचलना चाहती है। नौजवान की आवाज दबाई जा रही है। योगी सरकार अहंकारी हो गई है। वहीं चंद्रशेखर का कहना है कि मेरा कांग्रेस से कोई लेना- देना नहीं है। चंद्रशेखर ने कहा कि मैं गठबंधन के साथ हूं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि महागठबंधन ने चाहा तो मैं नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ूंगा।
प्रियंका गांधी के चंद्रशेखर से मिलने की सूचना पर पश्चिमी यूपी में सियासी चर्चाएं तेज हो गईं हैं। माना जा रहा है कि चंद्रशेखर से मिलने पर चुनाव में नए समीकरण बन सकते हैं। वहीं, इमरान मसूद की पहल भी हो सकती है।
प्रियंका गांधी के अस्पताल पहुंचने पर मीडियाकर्मियों ने उन्हें घेर लिया। सवाल जवाब किए जाने पर प्रियंका गांधी पत्रकारों पर नाराजगी जताते हुए बोलीं, 'आप चाहें तो इसका राजनीतिकरण कर सकते हैं मैं नहीं करूंगी, मुझे इस लड़के का संघर्ष पसंद आया। मैं पहले चंद्रशेखर से मिलूंगी, आप बाहर जाएं।' वहीं राज बब्बर पत्रकारों को समझाते हुए उन्हें अस्पताल परिसर से बाहर लेकर आए।
गौरतलब है कि गुरुवार को भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को पुलिस ने बिना अनुमति बाइक रैली निकाले जाने के आरोप में सहारनपुर के देवबंद से हिरासत में ले लिया था, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई थी।
बीमारी के कारण उन्हें मेरठ के आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि चंद्रशेखर को सांस लेने में दिक्कत हुई थी। फिलहाल उनकी हालत में सुधार है। उन्हें बेहतर उपचार दिया जा रहा है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/