सहारनपुर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज भ्रष्टाचारी डर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आतंकियों पर हमला करना कैसे गलत? उन्होंने सहारनपुर की जनता से कहा कि 2014 में पूरा आशीर्वाद मिला था। इसके बाद उन्होंने कहा कि यहां तो बोटी- बोटी करने वाले साहब भी हैं और वह कांग्रेस के शहजादे के बेहद करीबी भी हैं। पीएम मोदी ने कहा कि वे बोटी- बोटी कहते हैं और हम बेटी की सुरक्षा व सम्मान की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि अब कैराना में पलायन का भय खत्म हो चुका है।
इसके बाद उन्होंने कहा कि ये चुनाव नए भारत के लिए है। देश के आम लोगों का विकास हो। देश चाहता है कि वंशवाद हटाओ। उन्होंने कहा कि सपा बसपा को आतंकियों पर हमले के सबूत चाहिए। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष का सिर्फ एक ही नारा है 'मोदी हटाओ'।
पीएम मोदी ने कहा कि सुरक्षा से समझौता कैसे करें। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह कांग्रेस का ढकोसला पत्र है। वहीं मायावती का जिक्र करते हुए कहा कि, बहन जी उन दिनों को अपने स्वार्थ के लिए भूल सकती है।
वहीं कांग्रेस के घोषणा पत्र को ढकोसला पत्र बताते हुए प्रधानमंत्री ने करारा हमला किया और कहा कि आतंकियों और देश विरोधी ताकतों को बढ़ावा देने के लिए ढकोसला पत्र लाया गया है। अब जनता के हाथ में है कि महामिलावटी लोगों को जिताना है या देश को आगे बढ़ाना है। वहीं मुजफ्फरनगर के सांप्रदायिक दंगे को लेकर चौधरी अजित सिंह और जयंत चौधरी पर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि जब बहन बेटियों की इज्जत लूटी जा रही थी। अत्याचार हो रहा था तब चौधरी अजीत सिंह दंगाइयों के खिलाफ बोलने के लिए नहीं पहुंचे और आज घर-घर घूम रहे हैं। इसके अलावा कैराना पलायन का मुद्दा भी प्रधानमंत्री ने पुरजोर ढंग से उठाया और कहा जनता उन दिनों नहीं भूल सकती है, जब व्यापारी की दुकान पर बदमाश कब्जा कर लेते थे और कैराना के लोग पलायन के लिए मजबूर थे।
वहीं सफाई कर्मियों के पांव धोने को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि जब मैंने सफाई कर्मियों के पांव धोकर उनको नमन किया तो बहन जी तुरंत बोलने सामने आ गई, लेकिन जब कांग्रेस ने सफाई कर्मियों का अपमान किया तब वह कुछ नहीं बोल पाई। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर का नाम लेकर प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के साथ ही बसपा पर भी निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने डॉक्टर आंबेडकर का अपमान किया और भारत रत्न तब जाकर मिला जब भाजपा ताकत में आ गई।
पीएम मोदी अमरोहा से शुक्रवार दोपहर 1:50 बजे नानौता में हेलीपैड पर पहुंचे। जनसभा स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया।जनसभा को संबोधित करने के बाद वह देहरादून रवाना हो गए है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/