देश की सुरक्षा पर उन्होंने कहा कि चाहे बुलेटप्रूफ जैकेट खरीदने का फैसला हो या फाइटर प्लेन का। पिछली सरकार टालती रही। जवान शहीद होते रहे। हमने फैसले लिए। एंटी सेटेलाइट का परीक्षण कर दुनिया में नाम किया। अब हम अंतरिक्ष में भी चौकीदारी करने में सक्षम हैं। जनता तय करे कि उन्हें पाकिस्तान का हीरो चाहिए या भारत का। यहां के कुछ नेता पाकिस्तान में हीरो हो गए हैं। मेरठ में तो एक नेता ने आतंकियों के पक्ष में इनाम तक घोषित कर दिया था। हमने सर्जिकल स्ट्राइक की। उन्हें सबूत चाहिए। तय करें कि सबूत चाहिए या सपूत। यह नए भारत का निर्माण हो रहा है। भ्रष्टाचार व आतंकवाद के खिलाफ हर सूरत में लड़ना है।
इसके अलावा तीन तलाक पर मोदी ने कहा कि विपक्षी डराते हैं कि तीन तलाक ही सही है। ऐसे ऐसे तर्क देते है कि तीन तलाक की वजह से कम से कम महिलाओं की हत्या तो नहीं होती। हमने तीन तलाक रोकने के लिये कानून बनाया तो मुस्लिम महिलाओं को वोट डालने जाने नहीं दिया गया। अब महिलाएं डरें नहीं और खुलकर मतदान करें। तीन तलाक अब खत्म है।
मोदी ने मेरठ पर फोकस करते हुए रैपिड ट्रेन, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे, गंगा एक्सप्रेस वे, हवाई सुविधा आदि कनेक्टिविटी, पासपोर्ट ऑफिस आदि कार्य गिनाए। बोले, यूपी में योगी सरकार ने किसानों के 35 हजार करोड़ रुपये के उस बकाए का भुगतान किया, जो सपा सरकार ने छोड़ दिया था। 22 हजार करोड़ रुपये अपने सत्र के दिए। देश में हमने 12 हजार किसानों को 75 हजार करोड़ की आर्थिक मदद की। गरीबों के लिए योजनाएं चलाईं। 34 करोड़ जनधन खाते खुलवाए। 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ, सात करोड़ बहनों को गैस सिलिंडर, दस करोड़ परिवारों को शौचालय, डेढ़ करोड़ लोगों के पक्के घर, ढाई करोड़ बिजली कनेक्शन, 15 करोड़ युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने जैसी योजनाएं मोदी ने गिनवाईं। पांच लाख तक की आय टैक्स मुक्त तथा सामान्य वर्ग के गरीबों को दस प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया। अफसोस है कि कभी मायावती, अखिलेश ने विकास कराने के लिए चिट्ठी नहीं लिखी। न कभी चौधरी अजित सिंह ने आकर बात की। कांग्रेस ने तो उन चौधरी चरण सिंह तक को आपातकाल में जेल में डाल दिया था, जो हमेशा किसान हित की सोचते रहे। सर छोटूराम को इस्तीफा देने पर मजबूर किया। कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था, पर गरीब और गरीब होते चले गए। आज युवा जब वोट डालने जाएगा, तो उसके जेहन में देश का विकास होगा। आपके द्वारा भाजपा प्रत्याशी को दिया गया वोट सीधे मोदी को जाएगा। इससे पूर्व रैली को सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने भी संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने पैंतीस हजार करोड़ रुपये का बकाया भुगतान योगी जी पर छोड़ दिया। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि आपके गन्ना भुगतान की एक-एक पाई चुकाई जाएगी। भाजपा सरकार में इस साल का पैसा इसी साल मिल रहा है।
उन्होंने सपा-रालोद-बसपा को सराब की संज्ञा देते हुए कहा कि अच्छी सेहत के लिए 'सराब' से बचना चाहिए। सराब सेहत के लिए हानिकारक होती है। अच्छे भारत के भविष्य के लिए हानिकारक है। नए भारत के लिए हानिकारक है। इसलिए सपा, रालोद और बसपा- इस सराब से बचकर रहें, क्योंकि यह आपको बर्बाद कर सकती है।
मुजफ्फरनगर के दंगों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार में लोग घर छोड़ने पर मजबूर थे और आज आरोपी जेल में बंद हैं। तीन तलाक पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इनकी सरकार में तीन तलाक का समर्थन करने वाली महिलाओं को वोट नहीं डालने दिया जाता था।
उन्होंने मेरठ की जनता से भाजपा को मतदान करने का आह्वान किया और कहा कि कांग्रेस को हटा दीजिए गरीबी अपने आप मिट जाएगी। मतदान बूथ पर जाकर कमल के निशान पर वोट करने की अपील के साथ पीएम मोदी ने अपने भाषण को विराम दिया।
प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर उन्हें लेकर 11 :45 पर रैली स्थल के हेलीपैड पर उतरा, जहां से पीएम मोदी मंच पर पहुंचे। मेरठ में एनएच-58 स्थित सिवाया टोल प्लाजा के पास मैदान में इस रैली का आयोजन किया जा गया। पीएम मोदी के रैलीस्थल पर पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों ने जोर-शोर से उनका स्वागत किया। वहीं बताया जा रहा है कि रैली का आयोजन खुले मैदान में हुआ। इसलिए तेज धूप के कारण एक महिला इस दौरान बेहोश हो गई। महिला को उपचार के लिए ले जाया गया।
इससे पहले सीएम योगी ने मेरठ से रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली सरकारें सुरक्षा में सेंध लगाने का कार्य करती थीं लेकिन मौजूदा सरकार ने आतंकवाद की कमर तोड़कर भारत की सामरिक शक्ति को मजबूत किया है। अवैध बूचड़खानों में यहां गोवंश को काटने का काम होता था हमने सरकार में आते ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
यह भारतीय जनता पार्टी की प्रतिबद्धता है कि बालाकोट में दुनिया के सामने भारत के पराक्रम का लोहा मनवाया है। उन्होंने मंच से 'उत्तर प्रदेश 74 पार', 'मोदी है तो मुमकिन है' के नारे भी लगवाकर अपना भाषण समाप्त किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ की जनता को संबोधित करने के लिए आए।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/