रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने भाजपा पर हल्ला बोला। भाजपा पर भाईचारा खत्म कर सियासी रोटियां सेकने का आरोप लगाया। युवाओं को रोजगार नहीं दिए गए। अनुसूचित जाति के लोगों पर अत्याचार किए गए। जनता चुनाव में भाजपा को जवाब देगी।
सोमवार को शेरपुर लुहारा मार्ग पर नंगला सिनौली गांव में जयंत चौधरी ने कहा कि जनता के फैसले की घड़ी अब निकट है। भाजपा ने पिछले पांच साल में जिस तरह किसान, मजदूर, दलित और महिलाओं के मुद्दों पर झूठ बोले हैं, वह अब सबके सामने हैं। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने अभी दिल्ली में होर्डिंग लगवाए। एक और नरेंद्र मोदी का चित्र था। बीच में हवाई जहाज उड़ रहे हैं और दूसरी और विंग कमांडर अभिनंदन का फोटो था। भाजपा इस तरह जवानों और सेना के शौर्य को भुनाने का काम करती है। एक तरफ जवानों की शहादत हो रही है। दूसरी ओर पीएम मोदी अपने कार्यक्रमों में जुटे हैं। मतदाताओं को लुभाने के लिए कार्यक्रम कर रहे हैं। वन रैंक वन पेंशन के मुद्दे का क्या हुआ। पूर्व सैनिकों की मांग को सरकार पूरा करने में असफल रही। गंगा अभी तक मैली है। जल पुरुष राजेंद्र सिंह भी कह चुके हैं कि अभी गंगा स्वच्छ नहीं है। प्रधानमंत्री किसान बीमा योजना भी एक छलावा है।