प्रत्याशियों की मजबूती
सपा, बसपा और रालोद गठबंधन से हाजी याकूब कुरैशी बसपा से चुनाव चिन्ह पर मैदान में है। इस सीट पर करीब 5.50 लाख मुस्लिम मतदाताओं के साथ दो लाख एससी मतदाताओं के दम पर गठबंधन प्रत्याशी ताल ठोक रहे हैं। जनपद में 18 लाख से ज्यादा वोट हैं, लेकिन गठबंधन की मजबूती इस बात में है कि उसके पास इन दो बिरादरी का एकजुट वोट बैंक है।
राजेंद्र अग्रवाल लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में उतारे गए हैं। यहां पर भाजपा का परंपरागत वोट बैंक सभी पर भारी पड़ रहा है। भाजपा यदि इस वोट बैंक को सहेजकर बूथ तक ले जाने में कामयाब हुई तो भाजपा यहां से हैट्रिक लगा सकती है। कांग्रेस प्रत्याशी हरेंद्र अग्रवाल की वैश्य बिरादरी में पकड़ है और कांग्रेस का परंपरागत वोट बैंक भी उनके साथ है।
प्रत्याशियों की कमजोरियां
गठबंधन प्रत्याशी हाजी याकूब कुरैशी के सामने मुस्लिम नेताओं में वर्चस्व की लड़ाई से पार पाना बड़ी चुनौती है। क्योंकि कहीं न कहीं इन मुस्लिम नेताओं की नाराजगी साफ नजर आ रही है। इस कारण वोट यदि दूसरी तरफ परिवर्तित भी नहीं होता है तो इस विरोध में मुस्लिम मतदाताओं की उदासीनता याकूब कुरैशी को भारी पड़ सकती है।
कांग्रेस प्रत्याशी हरेंद्र अग्रवाल के सामने वैश्य मतों को लेना ही सबसे बड़ी समस्या है। हालांकि वह वैश्य बिरादरी का जाना पहचाना नाम हैं, लेकिन इस पहचान को वोट बैंक में तब्दील कर पाना आसान नहीं है। मेरठ में वैश्य बिरादरी भाजपा का परंपरागत वोट बैंक है। इसकी संख्या भी करीब 2.50 लाख के आसपास है।
वहीं पहले घोषित किए गए प्रत्याशी ओपी शर्मा एडवोकेट का टिकट कटने से ब्राह्मण बिरादरी भी कहीं न कहीं नाराज नजर आ रही है। भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र अग्रवाल को सबसे बड़ा खतरा अपनों से ही है। उन्हें लेकर जो अंतर्कलह सामने आ रही है। वह यदि मतदान से पहले सुलझकर जोश में तब्दील नहीं हुई तो भाजपा के लिए मुकाबला फंस सकता है।