शामली जनपद में कैराना लोकसभा क्षेत्र के कांधला में निकट गुर्जर बाहुल्य रसूलपुर गुजरान गांव में करीब 11:00 बजे दर्जनों लोग बिना किसी वोटर आईडी और पहचान पत्र के बूथ में घुसने की कोशिश कर मतदान करने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान उन्हें रोककर पहचान पत्र मांगा गया तो उन्होंने हंगामा कर दिया।
डीएम के अनुसार माहौल को देखकर वहां मौजूद बीएसएफ के जवानों ने हवाई फायरिंग की। इसके बाद भीड़ वहां से चली गई। इस बीच करीब सवा घंटा मतदान बंद रहा। वहीं पीठासीन अधिकारी और सेक्टर मजिस्ट्रेट के अनुसार भीड़ ने बूथ पर पथराव भी किया था।
सूचना पर डीएम अखिलेश सिंह और एसपी अजय कुमार भारी पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मतदान शुरू कराया। डीएम ने बताया कि जबरन बूथ में घुसने वालों की पहचान कराई जा रही है। वीडियो फुटेज आदि देखने के बाद उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अब मतदान सकुशल चल रहा है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/