फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनाव प्रचार ने पकड़ी रफ्तार: मैदान में उतरे स्टार प्रचारक, पश्चिमी यूपी के सियासी रण में शुरू हुआ वार-पलटवार

Wed, 03 Apr 2024 11:02 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

लोकसभा चुनाव के दिन जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं। वैसे-वैसे राजनीतिक दलों की पश्चिमी यूपी के लोकसभा क्षेत्रों में हलचल बढ़ गई है। मेरठ में पीएम मोदी की रैली के बाद वेस्ट यूपी में दिग्गजों की ताबड़तोड़ रैलियां प्रस्तावित है।
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव 2024 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पहले चरण का चुनाव का प्रचार दिन-ब-दिन रफ्तार पकड़ रहा है। सियासी हवा का रुख परखने और बदलने के लिए राजनीति के चाणक्य खुद मैदान में उतर आए हैं। नेताओं के दौरे तय हो रहे हैं। वार-पलटवार का सिलसिला शुरू हो गया है। सहारनपुर से नगीना तक चलने वाली पश्चिम की हवा ही प्रदेश में संदेश देने का काम करेगी। यहीं से दूसरे चरण की मेरठ, अमरोहा, बागपत, गाजियाबाद,  गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर,  अलीगढ़ और मथुरा लोकसभा सीट तक भी असर की संभावना है। यही वजह है कि सबकी निगाह पहले चरण पर टिकी है। राजनीतिक हस्तियों के चुनावी दौरे से जुड़ी चुनाव डेस्क की रिपोर्ट...

विज्ञापन


मेरठ में मोदी की रैली के बाद चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ा
मेरठ में भाजपा से अभिनेता अरुण गोविल, बसपा से देवव्रत त्यागी और सपा से अतुल प्रधान चुनाव मैदान में हैं। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी अभियान का आगाज़ कर दिया है। इसके साथ ही मेरठ समेत आसपास के जिलों में चुनाव गर्मा गया है। मेरठ में भाजपा के राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेयी, ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर और एमएलसी अश्वनी त्यागी स्टार प्रचार रहेंगे। सपा से विधायक शाहिद मंजूर और अतुल प्रधान स्टार प्रचारक की भी जिम्मेदारी निभाएंगे। बसपा से पूर्व सांसद मुनकाद अली स्टार प्रचार बनाए गए हैं। सभी दलों के प्रत्याशी भी प्रचार-प्रसार को लेकर निकल पड़े हैं। इसके अलावा अन्य दिग्गजों के कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। 

बिजनौर और नगीना आ रहे हैं महारथी
बिजनौर लोकसभा सीट पर 11 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। सपा से दीपक सैनी, बसपा से बिजेंद्र सिंह, रालोद-भाजपा गठबंधन से चंदन चौहान मैदान में डटे हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, रालोद सुप्रीमो जयंत सिंह दौरा कर चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब पांच अप्रैल को नगीना के रामलीला मैदान पर रैली करेंगे। बसपा सुप्रीमो मायावती 16 अप्रैल को बिजनौर में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा करेंगी। उनके भतीजे आनंद भी सभा करेंगे। नगीना सीट पर छह उम्मीदवार हैं। जिनमें भाजपा से ओमकुमार, सपा से मनोज कुमार, बसपा से सुरेंद्र पाल सिंह, आसपा प्रमुख चंद्रशेखर तथा निर्दलीय उम्मीदवार जोगेंद्र और संजीव कुमार चुनाव लड़ रहे हैं। चंद्रशेखर ने स्वयं प्रचार की कमान थाम रखी है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी आएंगे।

सहारनपुर में पहले आएंगे पीएम मोदी और फिर मायावती
सहारनपुर लोकसभा सीट पर दस प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। राजनीतिक दलों में भाजपा के राघव लखनपाल, बसपा के माजिद अली और कांग्रेस के इमरान मसूद चुनाव में ताल ठोक रहे हैं। छह अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी रैली करेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री  वर्ष 2014,  2016, 2017, 2019 और 2022 में भी सहारनपुर आ चुके हैं। सात अप्रैल को गदरहेडी गांव में रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह और 14 अप्रैल को बसपा सुप्रीमो मायावती भी रैली करेंगे। वर्तमान में यहां बसपा के ही सांसद हैं, लेकिन इस बार टिकट बदल दिया गया है।

सीएम योगी, जयंत पांच को वोटरों को साधेंगे
सीएम योगी आदित्यनाथ और रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह बागपत में पांच अप्रैल को एक साथ मंच से वोटरों को साधेंगे। उनकी रैली गेटवे इंटरनेशनल स्कूल के मैदान पर होगी, जिसकी भाजपा व रालोद नेताओं के साथ ही प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 

कैराना में गृह मंत्री शाह, पूर्व सीएम अखिलेश आएंगे
कैराना लोकसभा सीट पर 14 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। भाजपा से प्रदीप चौधरी, सपा से इकरा हसन और बसपा से श्रीपाल राणा प्रत्याशी हैं। यहां पर भाजपा के लिए गृहमंत्री अमित शाह व रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। सपा के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आएंगे। जबकि बसपा के लिए सहारनपुर में ही संयुक्त रूप से पूर्व मुख्यमंत्री मायावती रैली करेंगी। इस सीट पर ईद के बाद प्रचार में और अधिक तेजी आएगी।

मुजफ्फरनगर में इस तरह होगी आर-पार
लोकसभा क्षेत्र में 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, सपा ने पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक और बसपा ने दारा सिंह प्रजापति को प्रत्याशी बनाया है। आज शाहपुर के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में गृहमंत्री अमित शाह और रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह संयुक्त रूप से रैली को संबोधित करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चरथावल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सैनी खतौली में आएंगे। सीएम योगी आदित्य नाथ सरधना के अलावा शहर में भी जनसभा कर सकते हैं। रालोद अध्यक्ष जयंत सिह का बुढ़ाना से लेकर चरथावल तक रोड शो कराया जाएगा। सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी जीआईसी के मैदान में आएंगे, लेकिन अभी तिथि तय नहीं हुई है। बसपा अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री मायावती 14 अप्रैल को मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट के लिए जनसभा करेंगी। करीब 10 साल बाद उनकी रैली की तैयारियां शुरू हो गई है। 
विज्ञापन

ईद के बाद पश्चिम के प्रचार में उतरेंगे अखिलेश यादव
पश्चिम में भाजपा ने चुनाव प्रचार में ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। समाजवादी पार्टी के नेता भी रैलियों का खाका खींच रहे हैं। ईद के बाद पहले चरण की सीटों पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रचार के मैदान में उतरेंगे। मुस्लिमों को सपा का मूल वोट बैंक माना जाता रहा है।

रमजान माह चल रहा है। ऐसे में अभी तक पहले चरण की सीटों पर सपा कांग्रेस गठबंधन ने कोई बड़ी जनसभा नहीं की है। माना जा रहा है कि 11 अप्रैल के बाद ही पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कैराना, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, नगीना समेत अन्य सीटों के लिए रैलियां करेंगे। मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर कांग्रेस के साथ मिलकर बड़ी रैली करने की तैयारी है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें