मवाना। लॉकडाउन के दूसरे दिन भी नगर के बाजार बंद रहे। सड़कें सूनी रही। बिना कारण वाहनों से घूमने निकले लोगों को पुलिस की सख्ती का सामना करना पड़ा। महिलाओं को चेतावनी देकर वापस भेजा। वहीं पांच बाइकों का चालान किया गया।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए शासन ने तीन दिन का लॉकडाउन घोषित किया है। जिसके चलते रविवार को दूसरे दिन नगर के समस्त बाजार, पेट्रोल पंप आदि सभी कुछ बंद रहा। केवल मेडिकल स्टोर खुले रहे। दुकानें बंद रहने तथा लॉकडाउन के कारण नगर की सड़कें सुनी रही। वहीं पुलिस ने गश्त कर बिना किसी कारण घर से बाहर निकली महिलाओं तथा लोगों को पुलिस ने जमकर लताड़ा। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि बिना किसी कारण बाइक से घूमने निकले पांच लोगों का चालान किया गया है।
11 वाहनों का काटा चालान
दौराला-लावड़ । लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को भी पूरी तरह बाजार बंद रहे और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। चौराहों पर पुलिस मुस्तैद रही और बेवजह घूमने वाले वाहन चालकों के चालान काटे।
उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन दिन के लॉकडाउन के आदेश दिए थे। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर रविवार को भी बाजार पूरी तरह बंद रहे। लावड़ चौकी प्रभारी अंकित चौहान ने सड़कों पर बेवजह घूमने वाले 11 वाहन चालकों के चालान काटे, जबकि एक के खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया। दौराला में भी पुलिस बल चौराहे, दादरी चेकपोस्ट व सकौती चौकी के बाहर तैनात रहा। व्यापारियों ने लॉकडाउन में पूरी तरह सहयोग किया।
महिला की जान बचाने वाले होमगार्ड को किया सम्मानित
मवाना। नहर में आत्महत्या के इरादे से कूदी महिला को बचाने वाले होमगार्ड को थाना प्रभारी ने नगद पुरस्कार तथा बुके देकर सम्मानित किया है। बता दें कि शनिवार को मोहल्ला मुन्नालाल निवासी एक महिला का पति से झगड़ा होने पर वह नहर में कूद गई थी। उसी समय गश्त करते हुए थाने की जीप पहुंची थी। जिसमें सवार होमगार्ड पंकज चौहान ने जान की परवाह किए बगैर नहर में कूदकर महिला को सुरक्षित बचाकर बाहर निकाल लिया था। होमगार्ड के इस साहसिक कदम के लिए थाना प्रभारी सतीश कुमार, एसएसआई नरेंद्र सिंह, एसआई महेंद्र कुमार, चालक सतेंद्र कुमार तथा हेड कांस्टेबल सतेंद्र चौहान ने नगद राशि व बुके देकर सम्मानित किया।