देवबंद में पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने और सर्विस पिस्टल छीनने के प्रयास के आरोप में पुलिस ने 38 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने क्वारंटीन केंद्र में तोडफ़ोड़ व सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी प्रयास किया।
गौरतलब है कि विगत दिन तलहेडी बुजुर्ग पुलिस चौकी प्रभारी विजय सिंह दिल्ली से लौटे विमल त्यागी को गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए क्वारंटीन केंद्र में भर्ती कराने गए थे। क्योंकि स्वास्थ्य विभाग की जांच में विमल कोरोना का संदिग्ध था। बताया जाता है कि प्राथमिक विद्यालय के आसपास रहने वाले ग्रामीणों ने विमल के कमरे में भर्ती होने का विरोध किया।
पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। जिसमें पुलिस चौकी प्रभारी विजय सिंह, सिपाही वीरेंद्र सिंह, मोहित कुमार समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस चौकी प्रभारी से सर्विस पिस्टल भी छीनने का प्रयास किया। लेकिन इसी दौरान भारी पुलिस बल के वहां पहुंचने पर आरोपी फरार हो गए।
शनिवार रात्रि पुलिस चौकी प्रभारी विजय सिंह ने संजय, अंबर उर्फ पिंकी, मांगा, जगदीश, जॉनी, रकम, मेनपाल, मोनू, आंसू, मांगा, राजवीर और राजेंद्र के अलावा 25 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 307, 393 आदि में मामला दर्ज किया है।
कोतवाल यज्ञदत्त शर्मा ने बताया पुलिस पर हमला करने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है। 38 लोगों के खिलाफ रिर्पोट दर्ज की गई है। आरोपी जल्द ही पुलिस के शिकंजे में होंगे।