कूडे़ का पहाड़ खत्म करने को स्थानीय निवासियों की चेतावनी
मेरठ। लोहिया नगर में बन रहे कूडे़ के पहाड़ को लेकर एक बार फिर विरोध शुरू हो गया है। अमर उजाला में रविवार के अंक में प्रकाशित हुई खबर के बाद कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष रोहित गुर्जर के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों ने विरोध जताया।
रविवार को उन्होंने कूड़ा डालने आ रही गाड़ियों को रोककर हंगामा किया। वहीं, 31 अगस्त तक की चेतावनी दी है। रोहित गुर्जर ने कहा कि पहले भी हमने यहां कूड़ा डालने के लिए नगर निगम को मना किया था। इस बार भी हम अंतिम चेतावनी दे रहे हैं। ऐसे में अगर इस बार नगर निगम और जनप्रतिनिधियों ने इस ओर कोई कार्रवाई नहीं की तो हंगामा किया जाएगा। उन्होंने एमडीए पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि इस ओर एमडीए कोई ध्यान नहीं दे रहा है। अपनी जमीन पर कूडे़ के पहाड़ तैयार कराकर यहां नरक बनाने के लिए अनुमति दे रहा है।
सोशल मीडिया पर खूब शेयर हुई खबर
अमर उजाला में रविवार के अंक में ‘हाईवे से 200 मीटर पहले बन रहे कूडे़ के पहाड़’ शीर्षक से प्रकाशित खबर को कई फेसबुक यूजर्स ने शेयर किया। उन्होंने फेसबुक पर खबर को अपलोड करते हुए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर जमकर हमला बोला। सभी ने नेताओं को सोशल मीडिया पर खरी-खोटी सुनाई।