कल तक कॉलेजों में जमा होंगे आवेदन, 13 तक दिए जाएंगे प्रवेश
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से एलएलएम पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2025-26 की पहली ओपन मेरिट बृहस्पतिवार को प्रकाशित होगी। इसमें विश्वविद्यालय परिसर व उससे संबंधित कॉलेजों के पंजीकृत, लेकिन अप्रवेशित छात्रों की पूर्ण सूची जारी कर दी जाएगी। मेरिट जारी होने के बाद ऑफर लेटर अभ्यर्थी अपनी लॉगइन आईडी से दिनांक 9 से 10 अक्टूबर तक डाउनलोड कर अपने चयनित विश्वविद्यालय परिसर व उससे संबंधित कॉलेजों में जमा करेंगे। परिसर व कॉलेज 11 अक्टूबर को आरक्षण नियमानुसार रिक्त सीटों के सापेक्ष ओपन वरीयता सूची बनाकर 13 अक्टूबर तक इनके दाखिले करेंगे।
सीसीएसयू व उससे संबंधित एडेड एवं सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में एमएड की रिक्त सीटों पर अब ओपन मेरिट से प्रवेश होंगे। 11 अक्तूबर तक अर्ह सभी छात्र विवि पोर्टल से अपना ऑफर लेटर डाउनलोड कर उसे भरकर उसे पसंद के कॉलेज में जमा कराएंगे। 13 अक्तूबर को कॉलेज प्राप्त ऑफर लेटर से रिक्त सीटों के सापेक्ष मेरिट तैयार करते हुए नोटिस बोर्ड पर चस्पा करेंगे। 14 से 18 अक्तूबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ऑनलाइन कंफर्म करना होगा। विवि के अनुसार ओपन मेरिट से एमएड पाठ्यक्रम में प्रवेश का यह अंतिम मौका रहेगा। इसके बाद छात्रों को कोई मौका नहीं मिलेगा।
विवि के अनुसार ऐसे छात्र जो प्रथम एवं द्वितीय चरण की काउंसिलिंग में शामिल हुए थे और उन्हें कैंपस या कॉलेज आवंटित हो गया था,लेकिन किन्ही कारणों से प्रवेश नहीं ले पाए अथवा ऐसे विद्यार्थी जो अभी तक काउंसिलिंग प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके और उनके अपलोड किए प्रपत्रों की जांच हो चुकी है वे उक्त ओपन मेरिट में शामिल हो सकेंगे। छात्रों का पोर्टल पर अपलोड प्रमाण पत्रों की ऑनलाइन जांच से सत्यापन होना अनिवार्य है। विवि ने अल्पसंख्यक श्रेणी के शामिल तीन कॉलेजों में भी एमएड की प्रवेश प्रक्रिया तय कर दी है।