मकान क्षति पूर्ति की सहायता के लिए 1.20 लाख रुपये के चेक सौंपे
संवाद न्यूज एजेंसी
परीक्षितगढ़ (मेरठ)। पशुधन एवं दुग्ध विकास प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह और राज्य जल शक्ति मंत्री दिनेश खटीक ने बृहस्पतिवार को मध्य गंग नहर स्थित गांव आसिफाबाद में अन्नपूर्णा मंदिर पर पहुंचकर 26 बाढ़ पीड़ितों को खाद्य सामग्री व सरकार द्वारा मकान क्षति पूर्ति की सहायता के लिए 1.20 लाख रुपये का चेक सौंपे।
मुख्य अतिथि पशुधन दुग्ध विकास प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि हस्तिनापुर क्षेत्र में बाढ़ ने तबाही मचाई है। तबाही से किसान व ग्रामीण बर्बादी की कगार पर पहुंच गए हैं। शासन प्रशासन उनकी हरसंभव मदद कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से गंगा किनारे मकान नहीं बनाने का अनुरोध किया। कहा कि गंगा मेंं हर साल बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है। पानी से कोई भी जंग नहीं लड़ सकता। तटबंध योजना के अंतर्गत गांव भीमकुंड से लेकर खरखाली शिवनगर तक का बाढ़ का सर्वे कर जिलाधिकारी वीके सिंह को रिपोर्ट शासन को भेजने के लिए कहा।
मंत्री धर्मपाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसमें आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीवन रक्षक दवाइयों पर लगी जीएसटी समाप्त कर दी है। इससे दवाइयां काफी सस्ती मिलेंगी।
राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने कहा बाढ़ से लोगों के बचाव के लिए तटबंध योजना बनाई गई है। परियोजना के अंतर्गत गांव भीमकुंड से नीमका, बस्तोरा, झब्बापुरी, खरखाली, शिवनगर, कालीनगर आदि गंगा किनारे बसे गांवों के लोगों को परियोजना के तहत बाढ़ से बचाया जा सकता है। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
पशुधन दुग्ध मंत्री धर्मपाल सिंह, राज्य मंत्री दिनेश खटीक, जिलाध्यक्ष शिव कुमार राणा, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा, सीएमओ अशोक कटारिया ने बाढ़ पीड़ितों को खाद्य सामग्री व 1.20 लाख रुपये के चेक वितरित किए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीएचसी प्रभारी डॉ. रवि शंकर के नेतृत्व में गांव मीरपुर साधु नागल में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में मरीजों की जांच कर निशुल्क दवाइयां वितरित की गई।
इस दौरान एसडीएम मवाना संतोष कुमार, सीओ सदर देहात शिव प्रताप, जिला पंचायत सदस्य विकास उपाध्याय, डॉ. विनेश कुमार, भाजपा नेता बलराज गुर्जर, साब्बे प्रधान, ब्लाक प्रमुख ब्रह्म सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख केपी सिंह खूंटी, भाजपा नेता सुंदर चौधरी, प्रधान गुल्लू गिरि, महाराज खेमचंद गिरि, डॉ. लता गौतम, डॉ. ब्रिजेश, डॉ. ललिता आदि रहे।
पधुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, जल शक्ति मंत्री दिनेश खटीक, जिलाधिकारी वीके सिंह, एसएसपी विपिन तांडा