सीएम योगी आदित्यानाथ ने मंगलवार को क्रांतिधरा के भैसाली ग्राउंड में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने किसानों पर ज्यादा जोर देते हुए कहा कि किसानों को गेंहू और आलू का सही दाम मिलना चाहिए। इस बीच उन्होंने विकास के मुद्दे पर भी फोकस करते हुए कहा कि हम प्रदेश में बिना किसी भेदभाद के विकास करना चाहते हैं। सीएम योगी ने कहा कि सरकार किसी के साथ भेदभाव नहीं करेगी। साथ ही जाति मजहब के आधार पर किसी से भेदभाव नहीं होगा। उन्होंने कहा, 'प्रदेश के आखिरी व्यक्ति तक सभी योजनाएं पहुंचाई जाएंगी।' योगी ने कहा कि हमें जाति मजहब से ऊपर उठना होगा। योगी ने सभी को एक सलाह देते हुए कहा कि हम सबको देश के लिए सोचना होगा।
वहीं पीएम मोदी के स्वच्छ भारत अभियान का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि प्रदेश में सफाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि शहर को जितना साफ रखेंगे, विकास उतना ही तेजी से होगा। साथ ही उन्होंने पीएम मोदी को विश्व का सबसे अच्छा नेता बताया।
सीएम योगी ने लड़कियों की सुरक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि पहले लड़कियां असुरक्षा और डर की वजह से स्कूल व कॉलेज नहीं जा पाती थी। लेकिन जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है और हमने 'एंटी रोमियो अभियान' चलाया है तो लड़कियां बिना किसी डर के घर से बाहर निकल रही हैं और स्कूल व कॉलेज जाने में भी कोई परेशानी नहीं हो रही हैं। क्योंकि स्कूल के बाहर पूरी सुरक्षा दी गई है ताकि कोई लड़कियों को परेशान न कर सके। सीएम योगी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि गुंडों को कतई नहीं बख्शा जाएगा।
एक बार फिर से उन्होंने किसानों का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों को आलू का सही दाम मिलना चाहिए।