मेरठ। रेलवे रोड को बागपत रोड से जोड़ने वाले 825 मीटर लंबे लिंक रोड पर सुस्त रफ्तार अड़चन बन गई है। इस मार्ग पर अब समतलीकरण का काम पूरा हो गया है। सेना के भवनों की ओर से अवशेष दीवार का निर्माण कॉलम लगाकर किया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते मार्ग को पूरी बेरीकेडिंग करके बंद कर दिया गया है। माना जा रहा है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में मार्ग शुरू किया जाएगा। इस मार्ग के शुरू होने से 38 कॉलोनियों के ढाई लाख लोगों को फायदा होगा।
लिंक रोड के लिए करीब ढाई दशक से इस मार्ग को खोलने की मांग की जा रही थी। अभी लोगों को फुटबॉल चौराहा, दिल्ली रोड होते हुए कई किमी. का लंबा सफर तय करके करना पड़ता है। दूसरी ओर, दिल्ली रोड पर हर समय लगने वाले भीषण जाम के कारण लोगों को भारी परेशानी होती है। सबसे ज्यादा दिक्कत तो स्कूली बच्चों को होती है। लिंक मार्ग के लिए आशीर्वाद अस्पताल का मार्ग वाला हिस्सा ध्वस्त किया जा चुका है। इसके पहले ही अस्पताल के बराबर वाले एसके गुप्ता के प्लॉट को समतल कर दिया गया था। दोनों ही प्लॉट के लिए मुआवजा देकर मेडा अपने पक्ष में बैनामा कर चुका है। माना जा रहा है कि इसी महीने मार्ग शुरू हो जाएगा।
जुनेजा फर्म की ओर से निर्माण कार्य किया जा रहा है। अब इसका समतलीकरण पूरा कर लिया गया है। रोड के दोनों छोर पर बेरीकेडिंग लगाकर मार्ग बंद कर दिया गया। दीवार निर्माण कार्य चल रहा है और जल्द ही मार्ग निर्माण शुरू होगा। इसके अलावा लिंक रोड पर सांसद निधि से नेडा 44 सोलर लाइट लगाएगा। अभी लोगों को बागपत रोड, मेट्रो प्लाजा, रेलवे रोड चौराहा होकर सिटी रेलवे स्टेशन और छावनी क्षेत्र के स्कूलों तक पहुंचना पड़ता है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता सतेंद्र सिंह ने बताया कि समतलीकरण पूरा हो गया है और दीवार निर्माण चल रहा है। जल्द ही बचे हुए मार्ग पर डामर की सड़क बिछाकर इसे शुरू कर दिया जाएगा।