संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। नगर के प्रीत नगर में कुछ आरोपियों ने ऋषभ एकेडमी की प्रधानाध्यापिका रीना त्यागी के पति राहुल त्यागी पर डंडों व लोहे की रोड से जानलेवा हमला कर दिया।
गंगा नगर निवासी राहुल त्यागी का आरोप है कि ग्राम ढिकोली निवासी आरोपी काफी समय से गुंडागर्दी और दबंगई के बल पर उन्हें परेशान कर रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे जब वे अपनी पत्नी को स्कूल छोड़कर लौट रहे तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपी और उसके दो अन्य साथियों ने गालियां देते हुए लोहे की रोड और डंडों से उन पर हमला कर दिया।
हमले में राहुल त्यागी के हाथों और शरीर पर चोटें आई हैं। पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने बीते 5 सितंबर 2025 को ऋषभ एकेडमी के अध्यापक धीरज पर हमला किया था, जिसमें बाद में माफी मांग ली थी। पीड़ित ने मवाना थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही है।
-