संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। हस्तिनापुर-रामराज मार्ग से जुड़ी मध्य गंग नहर की पटरी पर सोमवार शाम तेंदुए ने सड़क पर खड़े कुत्ते पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते पर झपटते तेंदुए को देखकर वहां से गुजर रहे युवकों में अफरा-तफरी मच गई। युवकों ने शोर मचाया तो तेंदुआ कुत्ते को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। पूरी घटना युवकों ने मोबाइल कैमरे में कैद कर ली। तेंदुए की लगातार मौजूदगी से क्षेत्र के लोगों में दहशत बनी हुई है।
कस्बे के मुकेश ठाकुर ने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे उनके परिवार के कुछ युवक मालीपुर स्थित खेत पर जा रहे थे। एक दिन पहले भी युवकों को मध्य गंग नहर की पटरी पर तेंदुआ दिखाई दिया था। सोमवार को भी वे मोबाइल से वीडियो बनाते हुए नहर पटरी से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क किनारे से तेंदुआ निकला और सड़क पर खड़े कुत्ते पर झपट पड़ा। तेंदुए को देखकर युवकों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर तेंदुआ कुत्ते को छोड़कर जंगल की ओर चला गया।
वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय का कहना है कि संपर्क मार्ग पर निगरानी बढ़ाई गई है। आसपास के लोगों को भी जागरुक किया जा रहा है।
अमानुल्लापुर में तेंदुए और शावक की दस्तक
जानीखुर्द। क्षेत्र के गांव अमानुल्लापुर में सोमवार सुबह करीब 8:00 बजे खेतों में काम करने गए ग्रामीणों को एक मादा तेंदुआ अपने शावक के साथ घूमता दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव निवासी योगेंद्र और बिट्टू अपने खेतों की तरफ गए थे। वह योगेंद्र के खेत के पास पहुंचे तो उन्होंने सामने से एक तेंदुए और उसके शावक को चहलकदमी करते देखा। तेंदुए को देखते ही दोनों ग्रामीणों के हाथ-पांव फूल गए। वह बिना कोई आहट किए किसी तरह अपनी जान बचाकर तुरंत गांव की ओर भागे। गांव पहुंचकर उन्होंने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम दलबल के साथ अमानुल्लापुर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों को साथ लेकर उन खेतों में सघन चेकिंग व सर्च अभियान चलाया, जहां तेंदुआ देखा गया था। सर्च अभियान के दौरान वन विभाग की टीम को कई जगह खेतों में तेंदुए के पंजों के स्पष्ट निशान मिले हैं। ग्रामीण हुकम सिंह ने बताया कि किसानों और मजदूरों ने खेतों की ओर जाना बंद कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई है कि केवल सर्च अभियान तक सीमित न रहकर इलाके में तुरंत बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया जाए और तेंदुए को पकड़ने के लिए खेतों के पास पिंजरा लगाया जाए।
कस्बे के समीप मध्य गंग नहर पर कुत्ते पर हमला करता तेंदुआ स्रोत संवाद