विद्युत लाइन में फाल्ट के कारण 12 घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति
शताब्दी नगर में भी आपूर्ति बाधित रही
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। बारिश के चलते शहर में कई स्थानों पर विद्युत लाइनों में फाल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। रविवार मध्यरात्रि को फाल्ट के कारण शिवपुरम क्षेत्र की बिजली आपूर्ति 12 घंटे ठप रही।
पार्षद नरेश कश्यप ने बताया कि विद्युत विभाग की लापरवाही से शिवपुरम में फाल्ट के कारण बिजली आपूर्ति लगातार ठप हो रही है। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती। फाल्ट के कारण रविवार की रात्रि 12 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लोगों ने रामलीला ग्राउंड बिजलीघर पर फोन मिलाए, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। बिजली नहीं होने से सोमवार को लोगों को पानी का भी संकट झेलना पड़ा। सोमवार सुबह फिर से लोग रामलीला ग्राउंड बिजलीघर जा पहुंचे। लोगों के विरोध के बाद विद्युत कर्मचारी मौके पर पहुंचे और फाल्ट ठीक किया। सोमवार को दोपहर में बिजली आपूर्ति चालू हुई।
शताब्दीनगर 4 सी सेक्टर में फाल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे परेशान लोगों ने अधिशासी अभियंता साउथ से भी शिकायत की। रामलीला ग्राउंड बिजलीघर से जुड़े खत्ता रोड फीडर पर फाल्ट के कारण लगभग एक घंटा बिजली नहीं आई। मुख्य अभियंता मेरठ प्रथम रजनीकांत मिश्र का कहना है कि फाल्ट होते ही विद्युत टीमों को भेजकर उन्हें ठीक करके बिजली सप्लाई सुचारू कराई गई।