मेरठ। भारत विकास परिषद गंगा शाखा ने सोमवार को माना इंटर कॉलेज, कसेरूखेड़ा में बाल एवं युवा संस्कार प्रकल्प के अंतर्गत तीन दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया। इसमें लगभग 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
शिविर सुबह 7:30 बजे से 8:15 बजे तक चला। शाखा संरक्षक लोकेश कुमार ने ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र के साथ शिविर का शुभारंभ किया। शाखा अध्यक्ष ममता गोयल ने बच्चों को सूक्ष्म क्रियाएं, योग मुद्रा, उष्ट्रासन, ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन और त्रिकोणासन जैसे विभिन्न योगासन सिखाए। प्राणायाम की श्रृंखला में गहरे लंबे श्वास, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम का समापन ओम ध्वनि और शांति पाठ के साथ हुआ। प्रधानाचार्य प्रेम कमल सैनी ने भारत विकास परिषद गंगा शाखा को बधाई दी। उन्होंने उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। संवाद