मेरठ। जिला बार एसोसिऐशन के महात्मा गांधी लाॅ चैंबर स्थित चैंबर नंबर 20 में बैठने से रोकने के विवाद में शुक्रवार को वकीलों के दो पक्षों में मारपीट हुई। इस दौरान हंगामा और दोनों ही पक्ष ने एक दूसरे को भुगतने की धमकी दी। एक पक्ष ने चैंबर में तोड़फोड़ की और फाइलों को उठाकर फेंक दिया। पुलिस ने चोटिल हुए दोनों पक्षों के चार वकीलों काजल, रेखा, मोहित और मनोज कुमार का मेडिकल परीक्षण कराया और जांच के बाद कार्रवाई की बात कही। इस घटना का वीडियो क्लिप भी वायरल हुआ है।
विज्ञापन
जिला बार एसोसिऐशन में हरपाल सिंह भाटी, मोहित त्यागी, काजल और मनोज कुमार के नाम चैंबर 20 महात्मा गांधी लाॅ चैंबर का आवंटन डीएम ने किया है। चैंबर में चारों सदस्य बैठकर वकालत का कार्य करते हैं। बृहस्पतिवार को मनोज कुमार ने मोहित त्यागी और काजल को चैंबर में बैठाने से मना कर दिया। इस बात पर बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसकी शिकायत एसएसपी से भी की गई थी। जिला बार एसोसिऐशन के अध्यक्ष राजीव त्यागी और महामंत्री अमित राणा ने बताया कि शुक्रवार को जब काजल और मोहित त्यागी अपने चैंबर पर पहुंचे तो वहां पर अधिवक्ता रेखा एवं मनोज कुमार ने विरोध किया। इस बात पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पर भारी पुलिस बल और अधिवक्ता पहुंचे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की तहरीर सिविल लाइन पुलिस को दी है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सिविल लाइन पुलिस को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
बार एसोसिएशन ने जांच के लिए गठित की टीम
वहीं दूसरी ओर जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। जिला बार एसोसिऐशन के अध्यक्ष राजीव त्यागी, महामंत्री अमित राणा ने प्रकरण को लेकर आपातकालीन बैठक बुलाई। इसमें इस घटना की निंदा की गई। बैठक में पांच सदस्यों की कमेटी गठित की गई। इसमें पूर्व अध्यक्ष विक्रम सिंह तोमर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष कुमारी, पूर्व महामंत्री पंडित आनन्द कश्यप, विमल तोमर, रामगोपाल शर्मा को शामिल किया गया है। कमेटी प्रकरण की जांचकर पांच दिन में रिपोर्ट देगी। बार पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कठोर नियम भी बनाए जाएंगे ताकि भविष्य में कोई भी अधिवक्ता इस तरह की हरकत न कर सके। बैठक में पूर्व अध्यक्ष रविन्द्र सिंह, मिसबाहुददीन सिद्दिकी आदि मौजूद रहे।