वार्ड में रखे बेड, गद्दे और स्टाफ की बाइक जली
पीएचसी में पूर्व में चार बार हो चुकी है चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। क्षेत्र के गांव लतीफपुर में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में अज्ञात लोगों द्वारा आग लगाने की घटना सामने आई है। रविवार रात असामाजिक तत्वों ने वार्ड की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग लगा दी। घटना में वार्ड में रखे बेड, गद्दे और स्टाफ की बाइक जल गई।
गांव लतीफपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगातार चोरी और अब आग की घटना से सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रविवार देर रात अज्ञात लोगों ने पीएचसी की खिड़की तोड़कर कोरोना वार्ड में प्रवेश किया और वहां जब उन्हें कुछ नहीं मिला तो बेड और गद्दों में आग लगा दी। इस आग में मौके पर खड़ी स्टाफ की एक बाइक भी जल गई। सोमवार सुबह जब स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचा तो वार्ड के अंदर जले हुए सामान को देखा और सूचना संबंधित अधिकारियों और पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर जांच की और आगजनी के कारणों का पता लगाने काम शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार लतीफपुर पीएचसी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद लचर है। इससे पहले यहां चार बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पीएचसी गांव के बीचो-बीच स्थित है। यहां चोरी और आग की घटना पुलिस को सीधी चुनौती है।
बार-बार हो रही चोरी, नहीं की सुरक्षा मजबूत
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद पीएचसी में न तो चौकीदार की स्थायी व्यवस्था की गई और न ही सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। रात के समय पूरा परिसर सुनसान रहता है जिसका फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि पीएचसी गांव और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का एकमात्र केंद्र है। यदि इस तरह की घटनाएं होती रहीं तो मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
पुलिस से की जाएगी शिकायत
अज्ञात लोगों द्वारा खिड़की तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया उसके बाद आग लगाई गई। इसकी शिकायत पुलिस से की जाएगी। इससे पूर्व यहां चार बार चोरी की जा चुकी है। -डाॅ. राजीव कुमार, प्रभारी, पीएचसी