मेरठ। सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में पीजी कोर्सों में ओपन मेरिट से एडमिशन की बुधवार को अंतिम तिथि है। ऐसे में मेरिट में आने वाले सभी छात्र-छात्राएं एडमिशन ले लें। आरक्षित श्रेणी की सीटों को भी आज सामान्य श्रेणी के छात्रों से भरा जाएगा। मेरठ कॉलेज और एनएएस कॉलेज में ऑनलाइन, जबकि बाकी कॉलेजों में ऑफलाइन एडमिशन हो रहे हैं। पीजी में दो साल से अधिक गैप वाले छात्र-छात्राओं के लिए विवि कल से रजिस्ट्रेशन खोल सकता है।
कैंपस और कॉलेजों में अभी भी एमए, एमएससी-एमकॉम और अन्य कोर्सों में सीटें खाली हैं। इन सीटों पर जिन छात्र-छात्राओं ने ऑफरलेटर जमा किए हैं, सीटों के सापेेक्ष आए हुए आवेदनों की मेरिट बनाते हुए कॉलेज इनके एडमिशन कर रहे हैं। आरक्षित कोटे की जिन सीटों पर छात्र-छात्राओं ने आवेदन नहीं किए हैं, उनको आज सामान्य श्रेणी के छात्र-छात्राओं से भरा जा सकता है। अभी तक यूजी और पीजी में 136200 छात्र-छात्राओं ने एडमिशन लिए हैं।
एलएलबी की मेरिट पर आज हो सकता है निर्णय
सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में एलएलबी के एडमिशन अटके हुए हैं। अभी तक विवि गलत कॉलेज पोर्टल पर खोले जाने के कारण दूसरी मेरिट जारी नहीं कर सका है। आज विवि इस पर निर्णय ले सकता है।