नई पैकेजिंग कर बेचा जा रहा था एक्सपायर घी, बेसन, आटा, ड्राई फ्रूट, च्यवनप्राश
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। नगर में उत्सव मंडप के पीछे भारत एनक्लेव में एक बड़े गोदाम में नकली खाद्य सामग्री को नई पैकेजिंग कर बेचा जा रहा था। तहसील अधिकारियों, पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने शनिवार रात छापा मारा। घंटों की जद्दोजहद के बाद रविवार सुबह तीन बजे गोदाम को सील कर दिया गया। रविवार दोपहर को गोदाम से बरामद सभी सामान को ट्रॉलियों में भरकर नष्ट करा दिया गया।
भाकियू संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष नवनीत चौहान की शिकायत पर तहसीलदार निरंकार सिंह और सीओ पंकज लवानिया शनिवार रात दस बजे मौके पर पहुंचे थे। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया गया। गोदाम मालिक मौके पर नहीं मिला, बाद में भूमि मालिक चाबी लेकर आया और गोदाम खोला। अंदर एक्सपायरी तिथि का आटा, देसी घी, पीनट बटर, प्रोटीन के डिब्बे, रसगुल्ले, ड्राई फ्रूट, च्यवनप्राश और कुरकुरे सहित भारी मात्रा में खाद्य सामग्री मिली। आटा भरने के लिए खाली थैले भी बरामद हुए।
कार्रवाई में देरी और हंगामा
शुरुआत में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का रवैया ढीला रहा। लगभग तीन घंटे तक कार्रवाई धीमी गति से चली। शिकायतकर्ता नवनीत चौहान की थानाध्यक्ष् देवेंद्र कुमार मिश्र से तीखी नोकझोंक हुई। चौहान ने आंदोलन की चेतावनी दी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और रविवार सुबह तीन बजे गोदाम सील किया गया। गोदाम संचालित करने वाले व्यक्ति को पुलिस पकड़ नहीं सकी। भूमि मालिक से कागजात पर हस्ताक्षर कराने पर उसके परिवार की महिलाओं ने हंगामा किसा।
एक साल से चल रहा था धंधा
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा ने बताया कि खाद्य अधिनियम के तहत सही माल जब्त किया गया है, जबकि एक्सपायरी तिथि वाले सामान के नमूने लेकर उसे नष्ट कराया गया। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि भारत एनक्लेव कॉलोनी स्थित शिवम गुप्ता के मकान पर छापा मारा गया था। बरामद सामग्री के नमूने फेल होने पर आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा। यह मामला केवल रीपैकेजिंग का नहीं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा है। यह काम लगभग एक वर्ष से अधिक समय से चल रहा था।