सरधना। नगर पालिका ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना के तहत प्रस्तावित प्रसंस्करण केंद्र के निर्माण के लिए ग्राम समाज की 2100 वर्गमीटर भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। नगर पालिका ने उप जिलाधिकारी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पालिका की अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला की ओर से भेजे गए पत्र में शासनादेश का हवाला देते हुए बताया गया कि नगर विकास विभाग की ओर से पेयजलापूर्ति, सीवरेज, परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और नगरीय परिवहन जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन्हीं के तहत सरधना नगर पालिका क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए तीन प्रसंस्करण केंद्र स्थापित किए जाने प्रस्तावित हैं। पत्र में कहा गया कि प्रत्येक प्रसंस्करण केंद्र पर कंपोस्ट पिट के निर्माण के लिए भूमि की आवश्यकता है। नगर पालिका ने उप जिलाधिकारी से शासनादेश के अनुरूप आवश्यक भूमि का चयन कर उपलब्ध कराने की मांग की है। उप जिलाधिकारी उदित नारायण सेंगर ने तहसीलदार को जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।