भाजपा नेता की दुकान और मकान में आग से लाखों का सामान जला
खरखौदा। क्षेत्र के गांव फफूंडा में भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष की दुकान और मकान में भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दो घंटे में आग पर पाया काबू। आग से करीब 15 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
क्षेत्र के गांव फफूंडा में सुधीर अग्रवाल और बॉबी अग्रवाल दोनों भाई अपने परिवार के साथ रहते हैं। सुधीर भाजपा नेता हैं तथा भाजपा का जिला उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। सुधीर व उसके भाई बॉबी की मकान में ही नीचे की मंजिल में परचून की थोक की दुकान है। शनिवार को बॉबी अग्रवाल दुकान बंद कर बाजार से सामान लेने चला गया। सुबह करीब नौ बजे दुकान में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान की खिड़की व शटर के नीचे से धुआं निकलते देख लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई तथा आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। आग दुकान के साथ-साथ मकान के ऊपर की दोनों मंजिलों तक पहुंच गई। सूचना पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान व मकान का पूरा सामान जल चुका था। दुकान में आग लगने के दौरान ऊपर की मंजिल पर रह रहे परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। भाजपा नेता सुधीर अग्रवाल ने दुकान में मकान में करीब 15 लाख का नुकसान बताया है।