मेरठ। चोरों ने सोमवार की रात सदर, नौचंदी और कंकरखेड़ा में एक दुकान और दो घरों में लाखों रुपये की चोरी की वारदातों को अंजाम दे डाला।
चोरों ने सदर चौक बाजार स्थित दालमंडी निवासी सुरेश चंद्र की बर्तन की दुकान से 70 हजार रुपये, 50 से ज्यादा चांदी के सिक्के और कीमती सामान चोरी कर लिया। सदर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। वहीं चोरी की वारदात से व्यापारियों में रोष है। उनका कहना है कि जिस तरह तीसरी मंजिल से दुकान के अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है, उसके बाद तो चोर सराफा बाजार में भी आराम से चोरी कर सकते हैं। वहीं, नौचंदी क्षेत्र के जयदेवी नगर में चोरों ने निशांत सिंह के घर से पांच हजार रुपये, सोने के दो लॉकेट और एक जोड़ी चांदी की पायजेब चुराकर ले गए। घटना के समय पूरा परिवार सोया हुआ था। मंगलवार को नौचंदी थाने पर तहरीर दी गई।
उधर, कंकरखेड़ा श्रद्धापुरी फेस-2 में चोरों ने अपर सांख्यिकी अधिकारी मनवीर सिंह के बंद मकान का ताला तोड़कर दो लाख रुपये, करीब दो लाख रुपये के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। मनवीर सिंह ने बताया कि सोमवार देर शाम वह मकान बंद करके परिवार के साथ एक कार्यक्रम में गए थे। वहां से करीब दो घंटे बाद लौटे तो देखा कि मकान के ताले टूटे पड़े थे और घर का सारा सामान अस्तव्यस्त था। इंस्पेक्टर बीपी राणा ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने तहरीर दी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है।