पीड़ितों ने एसएसपी को शिकायत देकर की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर कुछ लोगों से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि रकम लेने के बावजूद आरोपियों ने उन्हें विदेश नहीं भेजा और अब रुपये वापस करने से भी इन्कार कर रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने सीओ और एसएसपी से कार्रवाई की मांग की है।
सरूरपुर थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा निवासी मेहराज ने बताया कि वह मेरठ के एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ा हुआ है। मई 2023 में उसी ग्रुप में दुबई में नौकरी की सूचना डाली गई थी। संपर्क करने पर आरोपी ने बताया कि उसका जानने वाला दुबई में रहता है और वह ज्वेलरी की दुकान पर नौकरी लगवा सकता है। दुबई भेजने का खर्च 80 हजार रुपये बताया गया। आरोपी की बातों में आकर सलीम ने 80 हजार, आरिफ ने 50 हजार, अबुल कलाम ने 55 हजार और साबिर ने 40 हजार रुपये आरोपी के बताए बैंक खाते में जमा कर दिए। कई दिन बीतने पर भी जब उन्होंने नौकरी की स्थिति पूछी तो आरोपी ने और पैसे मांग लिए। मना करने पर आरोपी ने विदेश भेजने से इन्कार कर दिया और कॉल उठानी भी बंद कर दी। इतना ही नहीं वह पीड़ितों को उनकी रकम लौटाने से भी मना कर रहा है। पीड़ितों ने सीओ और एसएसपी को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।