नेशनल हेल्थ मिशन के तहत 100 बेड का ब्लॉक बनकर तैयार है। जिसेे इस अप्रैल के अंत तक हैंडओवर किया जाना है। उधर, मुख्यालय ब्लॉक को संचालित करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ देने पर विचार कर रहा है। ऐसे में चिकित्सकों के साथ ही अतिरिक्त पैरामेडिकल स्टाफ भी महिला चिकित्सालय को मिल पाएगा।
100 बेड के ब्लॉक के लिए कुल 19.66 करोड़ के प्रोजेक्ट में 14.22 करोड़ रुपया नेशनल हेल्थ मिशन के तहत ब्लॉक (अस्पताल) की बिल्डिंग बनाने के लिए निर्धारित किया था। निर्माण एजेंसी पीडब्ल्यूडी ने चार मंजिला बिल्डिंग बनाकर तैयार करी दी है। शेष धनराशि से मुख्यालय स्तर से चिकित्सा में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामान खरीदा जाना है। स्वास्थ्य विभाग के इंजीनियर पीके जैन ने बताया है कि अब लिफ्ट लगाने का काम बचा है। पूरी बिल्डिंग में चार लिफ्ट लगाई जानी है। संभावना है इस माह के अंत तक एजेंसी बिल्डिंग हैंडओवर कर देगी।
रुके काम कंप्लीट कराना प्राथमिकता
सरकार का जोर है कि प्रदेशभर में चल रहे कामों को तेजी से पूरा किया जाए। सरकार का कहना है कि काम देरी से कंप्लीट होने पर निर्माण लागत बढ़ती है, जिसका बोझ सरकार पर पड़ता है। ऐसे में महिला अस्पताल के 100 बेड ब्लॉक के जल्द शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
किठौर में भी जल्द मिलेगी इलाज की सुविधा
सरकार के सख्त रुख से किठौर में बन रहे 50 बेड के अस्पताल का निर्माण कार्य भी तेजी पकड़ रहा है। सिंचाई विभाग की जमीन पर बनाए जा रहे अस्पताल का निर्माण कार्य बीते साल शुरू हुआ था। इसे डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि इस साल के मध्य तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।