नोट-मुजफ्फरनगर के ध्यानार्थ
दौराला-मसूरी मार्ग पर हुआ हादसा
- डेढ़ माह की बेटी समेत तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला(मेरठ )। दौराला-मसूरी मार्ग पर समौली गेट के पास मंगलवार देर शाम किसी वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों ने उसको अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली थाना क्षेत्र के छछरपुर गांव निवासी गौतम (29) लैंटर डालने की मशीन पर मजदूरी करता था। उसके भाई गुलशन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार को गौतम किसी परिचित से मिलने दौराला आया था। समौली गेट के पास पैदल जाते समय किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गौतम की मौत से पत्नी रूपा, मां दुलारी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की तीन छोटी संतानें हैं, जिनमें खुशी, नैतिक और डेढ़ माह की बेटी भावना हैं। गौतम चार भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार में अचानक हुई इस घटना से मातम पसरा है। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।