बीड़ी मांगने पर मजदूरों ने की थी किसान की हत्या, दोनों आरोपी गिरफ्तार
परीक्षितगढ़। पांच दिन पूर्व गांव रहदरा मार्ग प्याऊ के समीप की गई किसान की हत्या के मामले का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। मृतक का मजदूरों से बीड़ी मांगने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों मजदूरों ने शराब के नशे में किसान की धारदार हथियार व ईंट से पीट-पीट कर हत्या की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि गांव रहदरा निवासी किसान शीनू उर्फ गौतम त्यागी पुत्र राजबल पांच दिन पूर्व परीक्षितगढ़ से पैदल गांव लौट रहा था। गांव रहदरा मार्ग प्याऊ के समीप पहुंचा तो गांव निवासी कुलवेंद्र के खेत पर आलू की रखवाली कर रहे मजदूरों से शीनू ने बीड़ी मांगी। बीड़ी नहीं देने पर शीनू की मजदूरों से कहासुनी हो गई। मजदूर शराब के नशे में थे। मजदूरों ने शीनू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया तथा ईंट से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। परिजनों ने घायल अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। परिजनों ने मामले के खुलासे की मांग को लेकर घटनास्थल पर हंगामा किया था।
सोमवार को पुलिस ने हत्यारोपी गांव आलमगीरपुर बढ़ला निवासी सुरेश उर्फ छोटू पुत्र राजेंद्र, अजय पुत्र चंद्र निवासी गांव कलंजरी थाना जानी को बढ़ला मार्ग नहर पुल के समीप से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी नौकरों ने हत्या की बात कबूली है।