सरूरपुर (मेरठ)। थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा में हरियाणा के जिला हिसार के गांव निवाड़ी निवासी सिकंदर (26) पुत्र समंदर नाथ की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। युवक हर्रा स्थित एक डेयरी में काम करता था।
सिकंदर मंगलवार की देर रात डेयरी का काम खत्म कर रोड पर किसी काम से आया था। रोड के किनारे चलते समय पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डेयरी संचालक ने घटना की जानकारी उसके परिजन व पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच पड़ताल की। आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपी वाहन चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।