किठौर (मेरठ)। असीलपुर गांव में मंगलवार को मुर्गी फार्म में काम करने वाले लखीमपुर खीरी निवासी सफदर अली (38) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। इसके बाद फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा।
सीओ प्रमोद कुमार शर्मा ने बताया कि असीलपुर गांव में बाबू के मुर्गी फार्म पर काफी समय से लखीमपुर खीरी निवासी सफदर अली का परिवार नौकरी करता था। बताया जाता है कि मंगलवार को किसी बात पर पत्नी आलिया से सफदर अली की कुछ कहासुनी हो गई। इसके बाद आलिया गांव में ही आलू की बुवाई करने के लिए चली गई। पत्नी के जाने के बाद सफदर अली ने पास में ही जंगल में स्थित भूसे के कोठे में जाकर छप्पर में लगी लकड़ी में गले से एक कपड़ा बांधकर जान दे दी। दोपहर में जब पत्नी खाना खाने के लिए घर आई तो वहां सफदर अली को नहीं पाया। तलाश की तो सफदर अली का शव भूसे के कोठे में मिला। शोर सुनकर लोग के पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया ओर फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच पड़ताल की। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। जांच की जा रही है। मृतक सफदर अली के तीन बेटे व एक बेटी है।