संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर के लैब संचालक अनुज पंवार से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने साजिश रचकर उसे झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की और तीन लाख रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव गोटका निवासी अनुज पंवार अपने हॉस्पिटल का निर्माण छबड़िया मोड़ के पास करा रहे हैं। आरोप है कि कुछ लोग पहले दो फर्जी मरीजों को इलाज के बहाने निर्माणाधीन भवन में भेजकर झूठा आरोप लगाने की साजिश रच चुके थे। इसके बाद एक युवक पीड़ित की लैब पर पहुंचा और फोन पर स्वयं को किसान नेता बताकर तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगने लगा। पीड़ित अनुज पंवार ने बताया कि रंगदारी न देने पर हॉस्पिटल संचालन में बाधा डालने और रास्ते में रोककर जान से मारने की धमकी दी गई। उनका परिवार भयभीत और मानसिक तनाव में हैं।संचालक ने भाकियू आंदोलनकारी के अध्यक्ष निक्की सम्मेत चार के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ आशुतोष कुमार ने तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की बात कही।
भाकियू आंदोलनकारी के अध्यक्ष निक्की तालियान ने बताया कि अनुज कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। उनका कहना है कि अस्पताल बंद होने के बाद संचालक ने पुन: अस्पताल के पंजीकरण के लिए आवेदन किया था, जिस पर संगठन द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई है। निक्की तालियान ने बताया कि संगठन के कार्यकर्ताओं के खिलाफ फर्जी रंगदारी मांगने की तहरीर दी है। इस संबंध में 10 नवंबर को एसएसपी से मुलाकात कर विस्तृत जानकारी देंगे और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।