छावनी क्षेत्र में सेना का ज्वाइंट मॉकड्रिल
गणतंत्र दिवस पर सेना भी पूरी तरह से तैयार है। आतंकी इनपुट को देखते हुए सेना, आरएएफ और पुलिस ने मंगलवार को छावनी के दो इलाकों में संयुक्त मॉकड्रिल किया। कैंट एरिया में सेना की ओर से अगले कुछ दिनों में मॉकड्रिल किए जाएंगे। भूसा मंडी के पास स्थित फैमिली क्वाटर्स व भगत लाइन के पास रिहर्सल किया गया है। फिलहाल ब्रिगेड व यूनिटों के अंदर सेना को अभ्यास कराया जा रहा है।
वहीं, सब एरिया मुख्यालय में संयुक्त समन्वय बैठक में जिले के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी, सैन्य अधिकारी और खुफिया विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए सूत्रों को भी चिह्नित किया गया है।
वहीं छावनी क्षेत्र के स्कूलों में भी इन दिनों सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम पुख्ता करने पर चर्चा की गई है। केंद्रीय विद्यालय, आर्मी पब्लिक स्कूल में मॉक ड्रिल कभी भी की जा सकती है। कैंट क्षेत्र में औघड़नाथ मंदिर और शीशे वाला गुरुद्वारा सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष पहरा रहेगा। आसमान पर भी नजर रखी जाएगी। जिससे संदिग्ध वस्तु या विमान पर नजर रखी जा सके।
सिटी स्टेशन पर बढ़ी सतर्कता
गणतंत्र दिवस से पहले स्टेशनों की सुरक्षा पर भी फोकस किया जा रहा है। क्षेत्र में चल रही खुफिया एजेंसियों की छापेमारी को देखते हुए सीओ गाजियाबाद के नेतृत्व में निरीक्षण किया गया। बम निरोधक दस्ते ने शाम के समय सिटी स्टेशन पर यात्रियों की सघन चेकिंग की।
आतंकी साये पर सतर्क
मेरठ समेत जोन के सभी जनपदों में अलर्ट जारी है। कुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आतंकी साये पर पुलिस की नजर है। एसएसपी को निर्देश दिए गए हैं।
-प्रशांत कुमार, एडीजी मेरठ जोन
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/