मेरठ। मेरठ के भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा कि संस्कृत हमारे देश की विरासत है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संस्कृत विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहायता पहुंचाने के लिए छात्रवृत्ति योजना 2024 लागू की गई है।
देवनागरी इंटर कॉलेज में रविवार को संस्कृत विद्यालयों व महाविद्यालयों में अध्ययन छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति योजना कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय वाराणसी परिसर से कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया।सांसद अरुण गोविल ने कहा कि योजना के अंतर्गत मेरठ के तीन संस्कृत महाविद्यालय, माध्यमिक विद्यालय में प्रथमा (कक्षा-6 व 7) के 32, प्रथमा (कक्षा-8) के 16, पूर्व मध्यमा (कक्षा-9 व 10) के 58, उत्तर मध्यमा (कक्षा 11 व 12) के 67, शास्त्री (स्नातक) के 85 एवं आचार्य (परास्नातक) के 35 कुल 293 छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे। इन सभी छात्र-छात्राओं के खातों में कोषागार के माध्यम से धनराशि हस्तांतरित होगी।
विशिष्ट अतिथि एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने कहा कि संस्कृत का इतिहास प्राचीन है। संस्कृत में लिखे उपनिदेशों, वेदों आदि के माध्यम से ज्ञान के कारण विश्व में भारत का स्थान ऊंचा रहा है। इस दौरान जिला विकास अधिकारी अंबरीश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, निदेशक डीआरडीए सुनील कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद