- घर की छतों से लेकर, गलियों और बाजारों में जमकर हुई पतंगबाजी
- सुहाने मौसम में पीले परिधानों में स्वादिष्ट व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया
माइ्र सिटी रिपोर्टर
मेरठ। वसंत पंचमी के साथ रविवार की छुट्टी का दिन हर किसी के लिए यादगार बन गया। सुहाने मौसम में लोगों ने सुबह से शाम तक खूब पतंगबाजी की। घर की छतों पर सुबह से रात तक लोग डीजे पर झूमते रहे। रात में फोकस लाइट लगाकर पतंगबाजी की गई। लोगों ने परिवार के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद लिया। दिन में हल्की हवा चलती रही बच्चे और बुजुर्ग भी छतों पर रहे। शहर के खैरनगर और सदर के व्यापारियों के अनुसार दो दिनों में 50 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। इस विशेष पर्व पर हर घर में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की गई। अधिकतर पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने पीले परिधान पहने। घरों में पीले चावल और तहरी भी बनाई गई। बच्चों और महिलाओं ने भी जमकर पंतगबाजी का लुत्फ लिया।
-
शहर में हुईं 500 से अधिक शादियां
- शहर में रविवार को 500 से अधिक विवाह समारोह हुए। बिजली बंबा बाईपास पर आयोजित विवाह समारोह में एक तरफ रिश्तेदार बड़े, बूढ़े, बच्चे पतंगबाजी कर रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ वरमाला और अन्य रस्मों को पूरा किया गया। होटल ब्रेवुरा के संचालक शेखर भल्ला ने बताया कि वसंत उत्सव होने के कारण ज्यादातर समारोह येलो और रेड कलर थीम पर कराए गए। बाजारों में सुबह से फूलों की बिक्री शुरू हो गई। भव्य सजावट की गई। पार्लर भी सुबह से रात तक फुल रहे। बैंडबाजों की धुनों पर सभी ने जमकर डांस किया। शादियों के कारण बाजारों में जाम की भी स्थिति बनी रही।
- औघड़नाथ मंदिर में सजाया फूल बंगला
- छावनी स्थित बाबा औघड़नाथ मंदिर में वसंत पंचमी पर फूल बंगला सजाया गया। भगवान को 56 भोग लगाने के बाद भजन कीर्तन किय गया। अध्यक्ष सतीश कुमार सिंघल ने बताया कि भगवान श्री राधा गोविंद जी का शृंगार, आरती की गई। राधा कृष्ण मंदिर में 1 कुंतल केसरिया रंग के मीठे चावल, केसर, बादाम युक्त प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर बृजभूषण गुप्ता, धीरेंद्र सिंघल, सुधीर गुप्ता, अतुल अग्रवाल, अमरीश अग्रवाल आदि रहे।
बसंत पंचमी के त्योहार पर समर गार्डन में पतंग उड़ाते लोग।
बसंत पंचमी के त्योहार पर समर गार्डन में पतंग उड़ाते लोग।
बसंत पंचमी के त्योहार पर समर गार्डन में पतंग उड़ाते लोग।