मवाना(मेरठ)। गांव मुबारिकपुर में बुधवार को संपन्न हुई भारतीय किसान यूनियन की बैठक में सरकार द्वारा पारित तीनों कृषि विधेयकों के खिलाफ मवाना खुर्द पुलिस चौकी पर 25 सितंबर को चक्का जाम करने का निर्णय लिया गया।
गांव मुबारिकपुर में भारतीय किसान यूनियन की बैठक चौधरी नरेश के यहां संपन्न हुई। बैठक में वक्ताओं ने किसान विरोधी तीनों विधेयकों के खिलाफ विचार रखे। साथ ही गन्ने का समर्थन मूल्य 450 रुपये प्रति कुतंल किए जाने, बिजली की समस्या, आवारा पशुओं की समस्या, पुलिस उत्पीड़न समस्या तथा किसान ऋण माफी जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। चेतावनी दी यदि सरकार नहीं जागी तो आने वाले चुनाव में सुपड़ा साफ किया जाएगा।
नरेश चौधरी ने चेतावनी दी कि 25 सितंबर को भाकियू कार्यकर्ता एवं किसान बड़ी संख्या में एकत्र होकर मवाना खुर्द पुलिस चौकी पर चक्का जाम करेंगे। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में चक्का जाम में पहुंचे। बैठक में बाबा ईलम सिंह, महाराज मलिक, संजय दौरालिया, तेजपाल, मनोज खत्री, डा. नीटू, रोहित चौधरी, संदीप आदि समेत अन्य उपस्थित रहे।