मुंडाली बिजली घर पर धरनारत किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारी।
- समयपुर में फुंके ट्रांसफार्मर को बदला गया, जर्जर तार भी बदलवाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। गांव मुंडाली बिजली घर परिसर में किसान मजदूर संगठन का बीते दो दिनों से चल रहा धरना-प्रदर्शन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। वहीं संगठन के जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक मुंडाली गांव में हो रही जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को निजात नहीं मिल जाती।
भारतीय किसान मजदूर संगठन द्वारा मुंडाली गांव में बिजली घर परिसर में पिछले दो दिनों से धरना चल रहा है, जिसमें बिजली निगम से गांव समयपुर में फुंके ट्रांसफार्मर को बदलने और क्षेत्र में जर्जर बिजली की तार बदलने की मांग की गई थी। इसके बाद बिजली निगम द्वारा बृहस्पतिवार को समयपुर में फुंका ट्रांसफार्मर बदल दिया गया। वहीं जर्जर तारों को भी बदलने का कार्य शीघ्र शुरू करने का एसडीओ रवींद्र कुमार ने संगठन को आश्वासन दिया है।
वहीं संगठन के जिलाध्यक्ष अंशुल तोमर ने कहा कि 29 अगस्त को धरनास्थल पर पंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्य मुद्दा मुंडाली गांव के ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाना रहेगा। यह धरना तब तक समाप्त नहीं होगा जब तक प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर उन्हें जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को निजात दिलाने का जवाब नहीं दे देंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के हक की लड़ाई हम अंतिम सांस तक लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत में एसडीएम सदर, तहसीलदार के भी आने की बात कही और कहा कि यदि वह नहीं पहुंचते हैं तो एसडीएम सदर के कार्यालय का कार्यकर्ता घेराव करेंगे।