यहां के लोग प्यार करते हैं तो शिद्दत से और नाराज होते हैं तो उनके चेहरे पर साफ दिखता है। यह साफ दिल वालों का शहर है। इस मिट्टी के लोग जैसे हैं, वैसे ही दिखते हैं। यहां बहरूपियों की कोई जगह नहीं है। मेरठ पहुंचे फिल्म निर्देशक आनंद एल राय ने मेरठ और यहां के लोगों को लेकर दिल खोलकर बातें कीं। उनका मानना है कि उनकी आने वाली फिल्म मेरठ के बिना पूरी ही नहीं हो सकती है। फिल्म के हीरो शाहरुख का पूरा किरदार मेरठी होगा। दिल्ली रोड स्थित एक होटल में ठहरे आनंद ने बातचीत में बताया कि शहर को समझने के लिए जल्द ही शाहरुख खान भी क्रांतिधरा आएंगे।
तनु वेड्स मनु और रांझणा जैसी फिल्मों के निर्देशक आनंद राय इन दिनों शहर में अपनी आने वाली फिल्म की शूटिंग के लिए लोकेशन तलाश रहे हैं। इस फिल्म का मुख्य किरदार शाहरुख खान निभाएंगे। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को आनंद राय और फिल्म के लेखक हिमांशु शर्मा ने जली कोठी, घंटाघर सहित कई लोकेशन देखीं। शुक्रवार शाम को शहर के अलग-अलग हिस्सों में लोगों से बातचीत भी की। आनंद राय का कहना है कि वह इस फिल्म के सिलसिले में पहले भी मेरठ आ चुके हैं। वो फिल्म की शूटिंग से पहले इस शहर को पूरी तरह से समझना चाहते हैं।
इंजीनियर से फिल्मकार तक का सफर
फिल्म निर्देशक आनंद एल राय
आनंद राय ने अपने आप को लेकर भी खुलकर बातें कीं। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली के रहने वाले हैं और इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। आनंद ने बताया कि वह अपने जीवन के शुरुआती दिनों में काफी अंतर्मुखी रहे हैं। इसके बाद चीजों को जानने और कुछ अलग करने की ललक फिल्म बनाने की दुनिया में ले आई। आनंद ने कहा कि इसी ललक के कारण वह मेरठ पहुंचे हैं। उन्हें मेरठ के बारे में बातचीत करने में मजा आता है।
जुबान, लहजा और पूरा नजरिया मेरठ का
आनंद राय का कहना है कि उनकी फिल्म के नायक का हर अंदाज मेरठ का होगा। उसके बोलने के तरीके से लेकर, उठने-बैठने और हर नजरिये में मेरठ झलकेगा। आनंद का कहना है कि फिल्म की कहानी की आत्मा यहीं बसी है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों में सच्चाई दिखती है। यही सच्चाई शाहरुख खान के किरदार में भी दिखेगी। आनंद यहां तक कहते हैं कि मेरठ के लोग भेष नहीं बदलते हैं और उनकी हर बात उनके चरित्र पर सटीक बैठती है। आनंद ने बताया कि उन्हें शहर में आकर काफी मजा आता है। जब वह भी वे यहां आते हैं तो कुछ सीखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि मेरठ की जनता उनके काम में दिल से साथ देगी।
सुरक्षा और तकनीकी पहलुओं का भी ध्यान
घंटाघर मेरठ
फिल्म निर्देशक के अलावा लगभग दस लोगाें की टीम मेरठ में डेरा डाले हुए है। शूटिंग के लिए अभी तक जली कोठी, शास्त्रीनगर, घंटाघर, सदर और आबूलेन की लोकेशन देखी गई है। यह माना जा रहा है यह शाहरुख अभिनीत यह फिल्म लगभग पौने दो सौ करोड़ रुपये के बजट की होगी। आंनद राय का कहना है कि लोकेशन के अलावा शाहरुख की सुरक्षा और फिल्म से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर भी गौर किया जा रहा है। वहीं शाहरुख के बौने किरदार को लेकर फिल्म से जुड़े लोग इंकार कर रहे हैं। यह भी बताया जा रहा है कि आनंद राय तनु वेड्स मनु रिटर्न के बाद अब तीसरा पार्ट भी बनाने की तैयारी में हैं।
तीन से चार दिन तक रुकेंगे शाहरुख
आनंद राय का कहना है कि शाहरुख भी फिल्म को लेकर अपडेट ले रहे हैं। उनकी पिछली मेरठ यात्रा के दौरान शाहरुख ने भी आने की इच्छा जताई थी। जल्द ही शाहरुख मेरठ आ सकते हैं। यहां के परिवेश को समझने के लिए संभव है कि शूटिंग से पहले तीन से चार दिन शाहरुख मेरठ में ही रुकें।