मेरठ देहात क्षेत्र निवासी बच्चों की शिकायत पर जब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो बच्चों ने एक दूसरा तरीका अपनाया। यहां मवाना के एक मोहल्ला स्थित स्कूली छात्र अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर धरने पर बैठ गए। बच्चों को धरने पर बैठा देख एक बार तो पुलिस अधिकारी सोच में पड़ गए लेकिन फिर उनकी पूरी बात सुनी और कार्रवाई का आश्वासन देकर घर भेजा।
नगर के मोहल्ला काबली गेट निवासी कक्षा एक में पढ़ने वाले बच्चे वासू, माही, रिया व यूकेजी के छात्र बिट्टू, रोहन व जिया शुक्रवार को थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। बच्चों को बैठा देख पुलिस ने कारण पूछा।
बच्चों ने बताया कि उनके मोहल्ले में एक महिला रहती है। वह मानसिक रूप से परेशान है। स्कूल आने-जाने के दौरान उन्हें गालियां देती है। शुक्रवार को भी स्कूल से लौटते समय महिला ने उन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। जिसमें वे बाल-बाल बचे। इस पर बच्चों की तरफ से एक महिला ने थाने में तहरीर दी है।