मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़िता का आरोपी पक्ष द्वारा अपहरण करने का मामला सामने आया है। थाना पुलिस ने जब सुनवाई नहीं की तो पीड़ित पक्ष शनिवार को एडीजी कार्यालय पहुंचा और बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई।
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली युवती के साथ 14 नवंबर को गुफरान नाम के युवक ने दुष्कर्म किया। 21 नवंबर को पीड़ित परिवार की ओर से आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करा दिया गया।
अगले ही दिन आरोपी ने अपने परिवार की दो महिलाओं के साथ मिलकर पीड़िता युवती का अपहरण कर लिया। पुलिस से शिकायत की गई। करीब 9 दिन के बाद पुलिस ने युवती को बरामद कर परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया। इस दौरान युवती के पुलिस बयान भी दर्ज कराए गए।
न्यायालय में पीड़िता के बयान दर्ज होते, इससे पहले ही 9 दिसंबर को आरोपी ने फिर एक बार युवती का अपहरण कर लिया। तब से पीड़ित परिवार बेटी की बरामदगी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वह पुलिस थाने के चक्कर लगा लगा कर थक चुके हैं। पुलिस ऑफिस पर भी गुहार लगाई लेकिन कोई मदद नहीं मिली। संवाद