कॉमनवेल्थ क्वालिफाइंग मार्क से चूकीं खिलाड़ी
महिला ऊंची कूद में कॉमनवेल्थ खेलों के लिए 1.92 मीटर का क्वालिफाइंग मार्क निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता में कोई भी खिलाड़ी इस मानक तक नहीं पहुंच सकी। मेरठ की ख्याति, मानसी और रीत भी इस लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाईं।
हालांकि तीनों खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। एशियन गेम्स का क्वालिफाइंग मार्क 1.80 मीटर है, जिसे ख्याति और मानसी इस प्रदर्शन में छूने में सफल रहीं। रीत भी इससे पहले कई प्रतियोगिताओं में यह मानक पार कर चुकी हैं।
मेहनत और अनुशासन बना सफलता की कुंजी
ख्याति माथुर ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन मेहनत और कोच गौरव त्यागी के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन छह से सात घंटे अभ्यास करती हैं। कम उम्र में ही ख्याति कई राष्ट्रीय और जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने इंटर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1.86 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा जूनियर नेशनल खेलों और फेडरेशन कप में भी शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं।
मानसी भी लगातार कर रहीं शानदार प्रदर्शन
मानसी तोमर भी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। हाल ही में उन्होंने एथलेटिक्स सीरीज-5 में कांस्य पदक जीता था। इंटर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप और राष्ट्रीय खेलों में भी वह पदक जीत चुकी हैं। खेल प्रेमियों का मानना है कि मेरठ की ये बेटियां आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।