कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को कई खेल प्रतियोगिताएं हुई। इसमें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता फाइनल मुकाबला में कैलाश प्रकाश स्टेडियम ए की टीम ने दबथुआ की टीम को 27-20 से हराया। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने प्रतिभाग किया था। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि जिला कबड्डी सचिव चौ. जगेंद्र सिंह रहे। इसके अलावा गौरव प्रधान, अंतर्राष्ट्रीय पहलवान सुधीर सिंह, मैच रैफरी राहुल, अंकुश, जुबैर खान, रोबिन तोमर, शुभम गिरि, कबड्डी कोच आलोक मानव मौजूद रहे।
वहीं स्टेडियम मेें जिमनास्टिक प्रतियोगिता में पहले दिन विभिन्न आयु वर्ग में 16 बालिका, 27 बालकों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि जिमनास्टिक जिला सचिव कौसर नदीम रहे। इस दौरान छोटी बच्चियों ने जिमनास्टिक में शानदार प्रदर्शन किया। बालिक वर्ग में फ्लोर एक्सरसाइज में अंडर 8 में प्रिसेंस ने प्रथम, विदुषी ने द्वितीय, अंडर 10 में सृष्टि ने प्रथम, अना ने द्वितीय, अंडर 12 में रेनू सिंह ने प्रथम और श्रीवर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में अंडर-8 में मो. जैद प्रथम, अंडर 10 में इजहान प्रथम, अंडर 14 में विशाल आर्य प्रथम, अंडर 18 में हर्ष वर्धन प्रथम रहे। जिमनास्टिक कोच निर्मला देवी, अंशु, संजय शर्मा, पार्वती, नईम खान मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला जूनियर बालक वालीबॉल प्रतियोगिता को शुभारंभ हुआ। प्रथम मैच में ज्ञान स्थली मवाना की टीम ने रामसहाय को हराया। दूसरे मैच में एसएसजीपी शांति निकेतन ने एसवीएम शास्त्रीनगर को हराया। जबकि तीसरे मैच में कंकरखेड़ा की सनातन धर्म ने स्वामी विवेकानंद रिठानी को हराकर जीत हासिल की। प्रथम सेमीफाइनल मैच ज्ञान स्थली मीरापुर और सनातन धर्म के बीच हुआ। जबकि दूसरा सेमीफाइनल शांति निकेतन और विमला देवी की टीम के साथ हुआ। शनिवार को फाइनल मुकाबला होगा।