- मंदिर समिति के पदाधिकारी बोले- प्रत्येक एकादशी को होगा विशेष संकीर्तन
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। जादूगर बाग गांधी आश्रम स्थित खाटू श्याम मंदिर का दोबारा जीर्णोद्धार करने का निर्णय लिया गया है। मंदिर समिति और श्री खाटू श्याम चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर में वर्षों पूर्व स्थापित श्री खाटू श्याम बाबा की प्रतिमा सिद्धपीठ के रूप में श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनी है।
मंगलवार को हुई प्रेसवार्ता में समिति के संस्थापक मुकेश शर्मा, अध्यक्ष सुभाष शर्मा और विवेक गौड़ ने बताया कि मंदिर का जीर्णोद्धार श्याम भक्त अनिल गोयल की देखरेख में कराया जाएगा। मंदिर को भव्य स्वरूप देने के साथ यहां नियमित धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक एकादशी पर मंदिर में विशेष संकीर्तन, भोग, प्रसाद वितरण और विधिवत अर्जी लगाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा श्याम बगीची का भी निर्माण कराया जाएगा।
मंदिर में प्रत्येक शनिवार को सुंदरकांड पाठ, प्रत्येक बृहस्पतिवार को महिला संगीत कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही भगवान परशुराम सहित सभी देवी-देवताओं की पूजा की जाएगी। अस्पताल संबंधी सेवा कार्यों को भी जारी रखा जाएगा। इन कार्यों में मंदिर समिति के सदस्य पंडित सच्चिदानंद शर्मा, मधुमय शर्मा, कन्हैया लाल शर्मा, जितेंद्र मणि, रतनलाल, उमेश वर्मा, दीपक कुमार, रोहित गुप्ता, अंकित बंसल, नवीन कुमार, सुमित अग्रवाल सहित अन्य का सहयोग रहेगा।